मधुबनी: प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत, दहेज की आग में बुझ गई ज्योति की जिंदगी, पति-ससुर भेजे गए जेल

मधुबनी के घोघरडीहा में प्रेम विवाह करने वाली 19 वर्षीय ज्योति कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पति और ससुर को जेल भेज दिया गया. पढ़ें पूरी खबर...

मधुबनी के घोघरडीहा से सुशील कुमार की रिपोर्ट

घोघरडीहा थाना क्षेत्र के कीरतपुर गांव में 19 वर्षीय विवाहिता ज्योति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ना और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

मृतका के पिता और फुलपरास थाना क्षेत्र के महौलिया गांव निवासी वैधनाथ यादव ने घोघरडीहा थाने में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री ज्योति कुमारी ने पिछले वर्ष कीरतपुर निवासी सचिन कुमार से प्रेम विवाह किया था.

परिजनों के अनुसार शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई.

पांच लाख रुपये मांगने का आरोप

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था. बेटी की जिंदगी बचाने की उम्मीद में परिजनों ने एक लाख रुपये मोबाइल से और दो लाख रुपये नकद भी दिए, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई.

परिजनों का आरोप है कि 17 मई की रात ज्योति के साथ मारपीट की गई और जबरन जहर पिला दिया गया.

गंभीर हालत में पहले उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोघरडीहा ले जाया गया, जहां से अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास रेफर किया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पति और ससुर गिरफ्तार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर पति सचिन कुमार, ससुर जुगत लाल यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में झंझारपुर उपकारा भेज दिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >