मधुबनी: घोघरडीहा में शॉर्ट सर्किट से दो घरों में लगी आग, चार पशु झुलसे, युवक घायल

मधुबनी के घोघरडीहा प्रखंड में बिजली के शॉर्ट सर्किट से दो घरों में भीषण आग लग गई। इस अगलगी में लाखों के घरेलू सामान जलकर खाक हो गए और चार पशु झुलस गए. आग बुझाने के प्रयास में एक युवक भी घायल हो गया है.

मधुबनी: घोघरडीहा प्रखंड की चिकना पंचायत के वार्ड-9 में शनिवार की देर रात करीब तीन बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से दो घरों में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया. अगलगी में घर में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. वहीं, आवासीय घर से सटे पशु घर में बंधे चार पशु भी झुलस गये.

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सो रहे थे परिवार के लोग

मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रा देवी के घर में बिजली के सॉकेट से आग लगने की बात सामने आयी है. घटना के समय परिवार के लोग सो रहे थे. आग की लपटें उठने पर गृहस्वामी की नींद खुली. उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.

इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बताया जा रहा है कि एक ही परिसर में दो सगे भाइयों के घर हैं. आग की चपेट में आने से दोनों घरों का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया.

चार पशु झुलसे, बचाने के प्रयास में युवक भी घायल

अगलगी में शिवशंकर यादव की भैंस और उसका बच्चा झुलस गये. वहीं, विपीन यादव के घर में बंधी गाय और उसका बच्चा भी आग की चपेट में आ गये.

पशुओं को बचाने के प्रयास में विपीन यादव भी बुरी तरह झुलस गये. परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

सीओ ने राजस्व कर्मचारी को भेजकर मांगी जांच रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी शशांक सौरभ ने राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजकर जांच प्रतिवेदन मांगा है. सीओ ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सरकारी स्तर से मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया की जायेगी.

वहीं, पशु चिकित्सा पदाधिकारी के छुट्टी पर रहने के कारण वे तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके. उन्होंने दूरभाष पर बताया कि अगले दिन वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे और झुलसे पशुओं का इलाज करेंगे. आवश्यक दवा उपलब्ध कराने के लिए सहयोगी को निर्देश दिया गया है.

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर: बीएड छात्रा यौन शोषण मामले में नया मोड़, आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >