मधुबनी. जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित स्व. नीरज झा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को फुलपरास अनुमंडल की टीम ने झंझारपुर को रोमांचक मुकाबले में 16 रनों से पराजित कर दिया. उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलाही के मैदान में खेले गए मैच में फुलपरास की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 26.4 ओवर में 162 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. फुलपरास की तरफ से राजीव राज ने 43 और पिंटू कुमार ने 40 रन का योगदान दिया. झंझारपुर के गेंदबाज अंकित झा, नीतीश झा, केशव, सुभाष और आदित्य राज ने 2-2 विकेट लिये. जवाब में बल्लेबाजी कर झंझारपुर की टीम 28.5 ओवर में 146 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. सबसे अधिक अतुल प्रकाश व आदित्य राज ने 32-32 रन का योगदान दिया. फुलपरास टीम के गेंदबाज दीपक कुमार, कप्तान रंजन कुमार व अमरेंद्र ने 2-2 विकेट लिए. मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार फुलपरास टीम के कप्तान रंजन कुमार को अंपायर सुरेंद्र नारायण सिंह के हाथों दी गयी. मैच के अंपायर अमरेंद्र पांडेय व प्रफुल्ल कर्ण थे. स्कोरर मुकेश कुमार व कमंट्रेटर चंदन कुमार थे. मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव कालीचरण, अरुण कुमार, जितेंद्र किशोर, अनिल कुमार सोनू सहित कई क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे. आज का मैच मधुबनी सदर बनाम मधुबनी टाउन टीम के बीच होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
