Darbhanga News : कड़ाके की ठंड से ठिठुरा शहर से लेकर गांव

एक बार फिर मौसम का तेवर बदल गया. इस बार तेवर कुछ ज्यादा ही तल्ख हो गये हैं.

दरभंगा.

एक बार फिर मौसम का तेवर बदल गया. इस बार तेवर कुछ ज्यादा ही तल्ख हो गये हैं. शनिवार को इस सीजन की सर्वाधिक ठिठुरन महसूस हुई. शहर से लेकर गांव तक पूरा जिला ठिठुरता रहा. पूरे दिन अंधेरा छाया रहा. ऐसा लगा मानो सुबह होने के बाद सीधे शाम ढल गयी. स्थिति इतनी विकराल रही कि घर के भीतर भी कंपकंपी छूटती रही. बाजार में सन्नाटा छाया रहा. सड़कों से लेकर सरकारी दफ्तरों में खामोशी पसरी रही. दरभंगा जंक्शन, लहेरियासराय स्टेशन से लेकर बस अड्डा तक पर यात्री इस भीषण ठंड में ठिठुरते सफर करते नजर आये. कहीं भी राहत नहीं मिल पा रही थी. उल्लेखनीय है कि करीब एक पखवाड़ा तक लगातार शीतलहर की मार झेलकर बेजार जनजीवन में पिछले दो दिनों से खिल रही धूप ने नई उर्जा का संचार किया. कड़ाके की ठंड से हलकान लोगों ने गुरुवार व शुक्रवार को निकली धूप से बड़ी राहत महसूस की. उम्मीद थी कि अब मौसम साफ हो जायेगा, लेकिन हुआ ठीक विपरीत. घना कोहरा दस बजे के बाद तक छाया रहा. इसके बाद भी धुंध फैला रहा. सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही. बाजार में तो चहल-पहल साफ नहीं दिखी.

24 घंटे के भीतर तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गयी. शुक्रवार को जहां औसत उच्चतम तापमान 19.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था. वहीं शनिवार को यह नीचे गिरकर 13.6 डिग्री पर पहुंच गया. यह तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री कम रहा. न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री तक पहुंच गया. तापमान में आयी कमी से कहीं अधिक बर्फीली पछुआ हवा ने सताया. तेज हवा के थपेड़े झेल रहे लोगों को ऐसा महसूस हो रहा था मानो वे मैदानी इलाके के बदले किसी बर्फीले पहाड़ के क्षेत्र में अचानक पहुंच गये हैं. दिनभर लोग अलाव व हीटर आदि से चिपके रहे. इसके सहारे इस कड़ाके की ठंड से निजात की कोशिश करते रहे. ठंड इतनी अधिक रही कि इससे दूर होते ही ठिठुरन सताने लगती थी. शाम ढलते ही ठंड में और इजाफा हो गया. कड़ाके की ठंड के कारण दिनभर ग्राहकों की प्रतीक्षा कर रहे कारोबारियों की हिम्मत शाम ढलते ही जवाब दे गयी. एक तो खरीदार पहुंच नहीं रहे थे, दूसरी तरफ ठंड में बेतहाशा वृद्धि होती जा रही थी. मजबूरन शाम छह बजते-बजते अधिकांश दुकानों के शटर गिर गये. बाजार में सन्नाटा छा गया.

प्रशासन 168 स्थानों पर जला रहा अलाव

इधर जिला प्रशासन के स्तर से 18 प्रखंडों में जगह-जगह सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाये जा रहे हैं. जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों व चौक-चौराहों पर अलाव के प्रबंध किये गये हैं. डीएम ने अलाव स्थलों की निगरानी का निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया है. डीपीआरओ के स्तर से दी गयी जानकारी के मुताबिक जिला के 168 स्थानों पर अलाव जलाये जा रहे हैं. वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से जरूरतमंदों को कंबल भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >