96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा की मौत पर विवाद, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

झंझारपुर में 96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा के निधन के बाद पारिवारिक विवाद खड़ा हो गया है. बेटे ने मौत को संदेहास्पद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Madhubani News: झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 बेहट निवासी 96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा की मौत के बाद पारिवारिक विवाद सामने आया है. मृतक के पुत्र द्वारा मौत को संदेहास्पद बताते हुए शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

शिकायत के बाद बदली अंतिम संस्कार की प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण झा का शनिवार दोपहर निधन हो गया. उनके निधन की सूचना के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी. इसी दौरान उनके एकमात्र जीवित पुत्र देवचंद झा ने आरएस थाना में लिखित शिकायत देकर मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की.

शिकायत में लगाए गए ये आरोप

देवचंद झा ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पिता पिछले दो वर्षों से अपने पौत्र शंकर झा के साथ रह रहे थे और परिवार के अन्य सदस्यों को उनकी बीमारी की जानकारी नहीं दी जाती थी.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार से मिलने वाली पेंशन का लाभ भी पौत्र द्वारा लिया जा रहा था. शिकायत में अचानक हुई मौत को लेकर आशंका व्यक्त करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है.

पौत्र ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, पौत्र शंकर झा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक अपने दादा की सेवा की है. उनके अनुसार, अब उन्हीं पर आरोप लगाए जा रहे हैं और पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

आरएस थाना प्रभारी माया कुमारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >