सकरी.
क्षेत्र के शाहपुर निवासी पूर्व विधान पार्षद उदय कांत चौधरी का निधन पटना के निजी अस्पताल में शुक्रवार की रात हो गया. वे लंबे समय से बीमार थे. निधन के बाद शव को पैतृक गांव शाहपुर लाया गया, जहां दाह संस्कार शनिवार को किया गया. उनके निधन से क्षेत्र में शोक है.पूर्व विधान पार्षद की शिक्षा – दीक्षा
प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय में प्राप्त किये. इसके बाद 1967 में वाटसन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मधुबनी से हायर सेकेंडरी पास किये. उसके बाद 1971 में आरके कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक कला प्रतिष्ठा प्राप्त की. 1974 में पटना विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए की पढ़ाई की. वहीं, 1975 में पटना लॉ कॉलेज से एलएलबी के उपाधी प्राप्त की, जबकि 1976 में पटना ट्रेनिंग कॉलेज से बीएड की शिक्षा ली. वहीं, वर्ष 1975 में पटना हाई कोर्ट से एडवोकेट के कार्य प्रारंभ किया.इन पद पर रहे
बिहार राज्य मत्स्य विकास निगम के अध्यक्ष वर्ष 1990 से 1993 तक रहे, जबकि वर्ष 1994 से 1997 तक बिहार राज्य मत्स्य विकास निगम के राज्य मंत्री की सुविधा प्राप्त की. बिहार राज्य सैरात रेमिशन कमिटी के अध्यक्ष 1999 से 2002 तक राजस्व विभाग के राज्य मंत्री की सुविधा प्राप्त किया, जबकि यात्री सुविधा समिति भारतीय रेल नयी दिल्ली के सदस्य 2005 में थे. 1982 से लोकदल, दमकिपा, जनता पार्टी, जनता दल, राजद एवं जद (यू.) के महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय संगठनात्मक पद पर 1976 से 1990 तक सम्पादक, कैवर्त्त नव निर्माण हिंदी मासिक के अध्यक्ष भी रहे. वर्ष 2010 से 2016 तक बिहार सरकार में विधान पार्षद सदस्य सह जदयू मधुबनी जिला अध्यक्ष पद को सुशोभित किया. वहीं 2016 के बाद ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के सिनेट सदस्य रहे. वर्तमान में कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय के सदस्य थे. उदयकांत चौधरी का जन्म 2 जुलाई 1950 में हुआ था. उनके निधन की खबर की सूचना मिलते ही पंडौल के शाहपुर गांव स्थित पैतृक गांव में जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों ने शोक जताया. वे अपने पुत्र कुमार राकेश रंजन व चार पुत्री सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गये. मुखाग्नि पुत्र कुमार राकेश रंजन ने दी. उनके पुत्र कुमार राकेश रंजन भोजपुर के आरा में डीपीओ के पद पर पदस्थापित हैं. उनके निधन पर जदयू नेता अनिल कुमार दास, नारेंद्र प्रसाद यादव, विद्यापति सेवा संस्थान शाहपुर के सचिव मनोज कुमार झा, इंद्रमोहन वर्मा, बाबू लाल प्रसाद, संजीव कुमार कापर, पूर्व जिप सदस्य नरेंद्र मिश्रा , काजल देवी, मुखिया अरुण राउत, राम कुमार यादव, जदयू नेता भरत चौधरी , गुलाब चौधरी, नरेश चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, चंद्र मोहन कामत, सुभाष चौधरी, प्रोफेसर काशी नाथ चौधरी, रवींद्र चौधरी ने शोक जताया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
