मधुबनी में 25 अगस्त को लगेगा पहला विद्यार्थी सहयोग शिविर, 54 सरकारी संस्थानों में होगी शिकायतों की सुनवाई

जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 25 अगस्त को पहली बार 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 54 सरकारी शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में आयोजित होगा, जहाँ छात्र अपनी शिकातें दर्ज करा सकेंगे.

Madhubani News: मधुबनी. विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं और शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए जिले में पहली बार विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन 25 अगस्त को किया जाएगा. जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित कुल 54 सरकारी शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में शिविर आयोजित होंगे. इसमें विद्यार्थी पढ़ाई, परीक्षा, शिक्षक, फीस, बिजली-पानी, प्रयोगशाला, शौचालय, साफ-सफाई और कोचिंग समेत अन्य समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे. शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर विद्यार्थी अपने सुझाव भी दे सकेंगे.

हर माह के चतुर्थ मंगलवार को लगेगा शिविर

राज्य सरकार के निर्देश के तहत प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. यदि चतुर्थ मंगलवार को अवकाश रहता है, तो अगले कार्य दिवस में शिविर आयोजित होगा.

सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू की गयी इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है.

कक्षा, परीक्षा और फीस से जुड़ी शिकायतें होंगी दर्ज

विद्यार्थी सहयोग शिविर में विद्यार्थी कई तरह की शैक्षणिक और संस्थागत समस्याएं दर्ज करा सकेंगे. इनमें समय पर कक्षा नहीं चलना, शिक्षकों का समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना या अनुपस्थित रहना, परीक्षा समय पर नहीं होना और परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन नहीं होना शामिल है.

इसके अलावा अनधिकृत शुल्क की वसूली, बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और कोचिंग से संबंधित शिकायतें भी दर्ज करायी जा सकेंगी.

पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत

विद्यार्थी अपनी शिकायत और सुझाव विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकेंगे. संबंधित शैक्षणिक संस्थान और छात्रावास के वास्तविक विद्यार्थी ही पोर्टल पर अपना निबंधन कर सकेंगे.

विद्यार्थियों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित अपने सुझाव देने का भी अवसर मिलेगा, ताकि उनकी समस्याओं के साथ उनके सुझावों को भी प्रशासन तक पहुंचाया जा सके.

हर केंद्र पर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती

शिविर के सफल संचालन और पर्यवेक्षण के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक प्रशासनिक पदाधिकारी और एक पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सभी शिविर केंद्रों पर इंटरनेट, कंप्यूटर और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी.

जिला शिक्षा पदाधिकारी संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों और अन्य पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर का सफल आयोजन सुनिश्चित करेंगे. आवश्यकता के अनुसार शिविर स्थलों पर पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी.

30 दिनों में शिकायतों के निस्तारण का लक्ष्य

विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया और मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा.

निस्तारित शिकायत से असंतुष्ट विद्यार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में अपनी बात रखने का अवसर भी मिलेगा.

डीएम और एसपी भी करेंगे शिविरों का निरीक्षण

जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रशासी विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है. वे पूरे जिले में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविरों का निरीक्षण और पर्यवेक्षण करेंगे तथा आयोजन के दिन शाम को समेकित प्रतिवेदन प्रशासी विभाग को उपलब्ध कराएंगे.

जिला स्तर पर आयोजित सहयोग शिविर के नोडल पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन संतोष कुमार पूर्व से नामित हैं. वहीं सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी 25 अगस्त को अपने प्रभार क्षेत्र में शिविरों का भ्रमण करेंगे. जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शिविरों का निरीक्षण करेंगे.

यह भी पढ़ें: मधुबनी में ग्रामीण चिकित्सकों की अनूठी पहल, कांवरिया सेवा शिविर में बांटी दवाइयां और भोजन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadesh kumar das

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >