मधुबनी में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो स्कॉर्पियो से 1,458 लीटर शराब जब्त

मधुबनी में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है. अलग-अलग जगहों पर छापेमारी में दो स्कॉर्पियो से करीब 1500 लीटर शराब बरामद की गई. हालांकि, तस्कर मौके से फरार हो गए.

Madhubani News: जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की. अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब दो हजार लीटर देशी शराब बरामद की गयी. इनमें दो स्कॉर्पियो वाहनों से कुल 1,458 लीटर शराब जब्त की गयी. हालांकि, दोनों मामलों में शराब तस्कर और वाहन चालक उत्पाद विभाग की टीम को चकमा देकर फरार हो गये.

झंझारपुर में स्कॉर्पियो से 1,008 लीटर शराब बरामद

उत्पाद विभाग की टीम ने झंझारपुर थाना क्षेत्र के सामिया चौक के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी ली. वाहन में 112 कार्टन में 1,008 लीटर देसी शराब लदी हुई थी. कार्रवाई के दौरान वाहन चालक और तस्कर मौके से फरार हो गये.

विभाग ने शराब के साथ स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है. फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है.

राजनगर में 450 लीटर नेपाली शराब जब्त

उत्पाद विभाग की दूसरी टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र के सोनवाड़ी गांव में कार्रवाई की. यहां एक स्कॉर्पियो से 450 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गयी. शराब को 50 पेटियों में रखा गया था.

इस कार्रवाई में भी तस्कर और वाहन चालक मौके से फरार हो गये. विभाग ने शराब लदी स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है.

फरार तस्करों और वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को विभाग की अलग-अलग टीमों को कार्रवाई के लिए लगाया गया था. झंझारपुर थाना क्षेत्र के सामिया चौक के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी के दौरान शराब बरामद हुई.

उन्होंने बताया कि फरार तस्करों और वाहन मालिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

14 अभियोग दर्ज, 11 लोग गिरफ्तार

उत्पाद विभाग की अन्य टीमों की कार्रवाई में कुल 14 अभियोग दर्ज किये गये हैं. शराब से जुड़े मामलों में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल दो हजार लीटर देशी शराब और 3.12 लीटर विदेशी शराब जब्त की गयी.

ड्रोन टीम ने नष्ट की अर्धनिर्मित और चुलाई शराब

शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में ड्रोन टीम को भी लगाया गया. ड्रोन टीम की कार्रवाई के दौरान बेनीपट्टी और अरेर थाना क्षेत्र के नागदह, बलाईन और मनपौर गांव में 360 किलो अर्धनिर्मित शराब की घोल तथा 230 किलो निर्मित चुलाई शराब को विनष्ट किया गया.

उत्पाद विभाग की टीम ने शराब निर्माण से जुड़े संभावित ठिकानों पर भी निगरानी बढ़ा दी है.

शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी

उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने कहा कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया कि शराब की तस्करी और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं.

यह भी पढ़ें

लोहट चीनी मिल क्षेत्र में सार्वजनिक रास्ता बंद करने के विरोध में ग्रामीणों का धरना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kartik kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >