Madhubani News: सदर अनुमंडल कार्यालय में सोमवार को धान अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षा को लेकर सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों (बीसीओ) की बैठक एसडीओ चंदन कुमार झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में जिला पदाधिकारी के निर्देशों के आलोक में लंबित धान अधिप्राप्ति कार्यों को शीघ्र पूरा करने और मिलरों को समय पर धान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया.
खजौली और राजनगर की प्रगति की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों की समीक्षा की गई. खजौली के बीसीओ पंकज कुमार तथा राजनगर प्रखंड के चतरा गोठ उत्तर पैक्स अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि चार लॉट में से दो लॉट धान मिलरों को भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष दो लॉट भी जल्द भेज दिए जाएंगे.
22 जुलाई तक धान आपूर्ति पूरी करने का निर्देश
एसडीओ चंदन कुमार झा ने सभी बीसीओ को स्पष्ट निर्देश दिया कि 22 जुलाई तक लंबित धान की आपूर्ति हर हाल में मिलरों को सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर धान की आपूर्ति नहीं हुई तो संबंधित बीसीओ और पैक्स अध्यक्षों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
किसानों के हितों को बताया प्राथमिकता
बैठक में धान अधिप्राप्ति की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए. अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों की रक्षा और धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
