Madhubani News: जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) के साथ मासिक समीक्षा बैठक की. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, पोषण ट्रैकर ऐप, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए.
सीमावर्ती आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सीमावर्ती (बॉर्डर) क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने भवन निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने पर जोर दिया.
पोषण ट्रैकर ऐप पर समयबद्ध डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश
पोषण ट्रैकर ऐप के विभिन्न सूचकांकों की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी सेविकाएं समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत डेटा प्रविष्टि करें. उन्होंने सभी सीडीपीओ को इसकी नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि जिले का प्रदर्शन सभी सूचकांकों में बेहतर हो सके.
योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि बढ़ाने का लक्ष्य
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया कि अगले माह तक इन योजनाओं के ऑनलाइन आवेदनों की प्रविष्टि में कम से कम 10 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित की जाए.
कमजोर प्रदर्शन वाले परियोजना पदाधिकारियों को सुधार के निर्देश
समीक्षा के दौरान जिले की रैंकिंग में अपेक्षाकृत कम प्रदर्शन करने वाले पांच बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अपने-अपने परियोजना क्षेत्रों में कार्यों में सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए.
