मधुबनी स्कूल: DM के निरीक्षण का असर, 15 लाख की लागत से राम सागर टोल स्कूल में बनेंगे 2 नए क्लासरूम

बिस्फी के राम सागर टोल स्कूल में बच्चों की पढ़ाई के लिए दो नए कमरे बनाए जाएंगे. करीब 15 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण का शिलान्यास सोमवार को हुआ. जिले के अन्य स्कूलों की जरूरतों का भी प्रशासन आकलन कर रहा है.

मधुबनी स्कूल: बिस्फी प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय राम सागर टोल में बच्चों की पढ़ाई के लिए अब दो नए कमरे बनाए जाएंगे. जिला प्रशासन की पहल पर करीब 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इन कमरों का सोमवार को शिलान्यास किया गया. इससे विद्यालय में बच्चों के लिए पढ़ाई की बेहतर और व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है.

डीएम के निरीक्षण के बाद शुरू हुआ निर्माण

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने पूर्व में बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान नया प्राथमिक विद्यालय राम सागर टोल का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों के पठन-पाठन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था.

डीएम के निर्देश के अनुपालन में सोमवार को विद्यालय परिसर में दो कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य की शुरुआत की.

बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने देंगे

प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भवनविहीन अथवा भूमिहीन विद्यालयों में भी पढ़ाई जारी रखने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. स्कूल में अतिरिक्त कमरे बनने से बच्चों को पठन-पाठन के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी.

स्कूलों की सुविधाओं की हो रही नियमित समीक्षा

बीडीओ बसंत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रखंड प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.

उन्होंने बताया कि विद्यालयों की आधारभूत जरूरतों की नियमित समीक्षा की जा रही है. संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का लगातार निरीक्षण करने और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

11 बिंदुओं पर मांगी गई स्कूलों की रिपोर्ट

जिला प्रशासन ने सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी दूर करने के लिए प्रधानाध्यापकों से 11 बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. इसमें विद्यालय भवन की उपलब्धता, आधारभूत संरचना तथा भवनविहीन और भूमिहीन विद्यालयों से जुड़ी जानकारी शामिल है.

प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर विद्यालयों की जरूरतों का आकलन किया जाएगा. इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई होगी.

ग्रामीणों में खुशी का माहौल

विद्यालय में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण की पहल से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में खुशी है. लोगों ने बच्चों की शिक्षा के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन के प्रयास की सराहना की.

मौके पर समाजसेवी मदन यादव, मोहम्मद चांद, मनोज कुमार मंडल, सुधीर कुमार मंडल, शिक्षिका नीलम कुमारी, शंभू यादव, सहायक शिक्षक परवेज आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें:

गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण में मधुबनी ने बनाया रिकॉर्ड, ऑनलाइन ओपीडी भी 100%

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadesh kumar das

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >