Madhubani News : विधि व्यवस्था के लिए पूर्वाभास प्रतिवेदन भेजने का डीएम ने दिया निर्देश

आगामी 7 मई को बकरीद पर्व पर विधि व्यवस्था के लिए पूर्वाभास प्रतिवेदन भेजने के लिए डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने सभी एसडीओ व डीएसपी निर्देश दिया है.

मधुबनी: आगामी 7 मई को बकरीद पर्व पर विधि व्यवस्था के लिए पूर्वाभास प्रतिवेदन भेजने के लिए डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने सभी एसडीओ व डीएसपी निर्देश दिया है. डीएम ने कहा है कि इस वर्ष बकरीद का पर्व 7 मई को मनाये जाने की सूचना है. बकरीद पर्व पर विधि व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए जिला स्तर से बड़ी संख्या में संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाती है. हालांकि जिले में प्राप्त सूचना के अनुसार सांप्रदायिक स्थिति सामान्य है. फिर भी चुनावी वर्ष होने एवं देश की वर्तमान स्थिति के मद्देनजर क्षेत्र में त्योहार के अवसर पर कड़ी निगरानी एवं विशेष सतर्कता रखने की आवश्यकता महसूस की जा रही है. ऐसा देखा गया है कि पूर्वाभास प्रतिवेदन भेजने से पूर्व सही ढंग से समीक्षा नहीं की जाती है. जिसके कारण संवेदनशील स्थानों पर प्रतिनियुक्ति की संख्या दिनो दिन बढ़ती जा रही है. जिसके लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बल उपलब्ध नहीं हो पाता है. डीएम ने निर्देश दिया कि उपरोक्त त्योहार के अवसर पर पूर्ववास प्रतिवेदन भेजने से पूर्व सभी संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक कर प्रतिनियुक्त किए जाने वाले स्थान का पूर्व इतिहास का दृढ़तापूर्वक समीक्षा कर लिया जाए. इसके बाद ही प्रतिनियुक्ति किए जाने वाले स्थान का नाम एवं उस पर प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का प्रस्ताव विहित प्रपत्र में भरकर उपलब्ध करना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही थाना स्तर पर शांति सामिति की बैठक करने का भी निर्देश दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >