Madhubani News: जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मेरा युवा भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में युवाओं के सर्वांगीण विकास, विभिन्न विभागों के समन्वय और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. डीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ युवा विकास से जुड़े कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
15 अगस्त तक छात्रों का 100% पंजीकरण कराने का निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहे विशेष अभियान के तहत जिले के सभी मध्य एवं उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों का मेरा युवा भारत पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण के बाद युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व विकास, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और विभिन्न अवसरों का लाभ मिलेगा.
साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और टीबी जागरूकता अभियान चलाएंगे युवा
बैठक में डीएम ने राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को अपने-अपने प्रखंडों में साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र के रूप में अधिक से अधिक लोगों को टीबी जांच और उपचार के लिए प्रेरित करने को कहा.
नशा मुक्ति और मानसून सुरक्षा पर भी रहेगा फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए. इसके लिए जिले में सांस्कृतिक और जनजागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. मानसून को देखते हुए उन्होंने युवा स्वयंसेवकों को बच्चों और अभिभावकों को नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के आसपास जाने के खतरों के प्रति जागरूक करने का निर्देश भी दिया, ताकि डूबने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
राष्ट्रीय युवा दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिले में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, नवाचार और सामुदायिक सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
समय पर जांच कराने की अपील
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में टीबी की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की और लोगों से समय पर जांच कराने तथा उपचार पूरा करने की अपील की. बैठक में जिला युवा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, एनसीसी प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
