मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में आम लोगों से संवाद किया. इस दौरान जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें डीएम के सामने रखीं. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध तरीके से समाधान करने का निर्देश दिया.
भूमिहीन परिवारों को जमीन दिलाने की मांग
लदनिया प्रखंड निवासी बबीता देवी ने भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी को दिया. उन्होंने भूमिहीन परिवारों की समस्या के समाधान की मांग रखी. डीएम ने मामले को संबंधित विभाग के अधिकारी को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया.
16 साल से कन्या विवाह योजना की राशि का इंतजार
पंडौल प्रखंड निवासी जगदीश दास ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की लंबित राशि के भुगतान का मामला उठाया. उन्होंने बताया कि संबंधित राशि करीब 16 वर्षों से लंबित है. डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा.
जमीन पर कब्जा और फर्जी दस्तावेज की शिकायत
रामपुर, हरलाखी निवासी ललित नारायण यादव ने अपनी भूमि पर दखल-कब्जा दिलाने की मांग की. वहीं राजनगर के भटसिमर निवासी राजेंद्र साहु ने निजी खतियान से प्राप्त भूमि को लेकर कथित जालसाजी और गलत वंशावली तैयार करने की शिकायत की. उन्होंने फर्जी केवाला के माध्यम से जमीन पर दावा किए जाने का आरोप लगाया.
शिकायतों के समाधान में समयबद्धता पर जोर
डीएम आनंद शर्मा ने सभी परिवादों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
घर बैठे दर्ज करा सकते हैं शिकायत
डीएम ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है. ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन किया जा सकता है और शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाता है.
विद्यार्थियों के लिए चौथे मंगलवार को शिविर
विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है. डीएम ने अधिकारियों को विद्यालयों और छात्रावासों में शिविर लगाने, अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और शिकायतों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. विद्यार्थी अपनी समस्या सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी दर्ज करा सकते हैं.
यह भी पढे़ं:
मधुबनी में मछली की बंपर पैदावार, 50 हजार लोगों को मिला रोजगार
