Madhubani News: मधुबनी. श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर पंडौल प्रखंड के भवानीपुर स्थित ऐतिहासिक उग्रनाथ महादेव मंदिर में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही मिथिलांचल के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल और नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे. भक्तों ने बाबा उग्रनाथ महादेव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की.
Pandaul News: सुबह से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
दूसरी सोमवारी को मंदिर परिसर में अन्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही. सुबह से ही महिला और पुरुष श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. पूरे दिन मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा.
सिमरिया और जयनगर से जल लेकर पहुंचे शिवभक्त
कई श्रद्धालु सिमरिया एवं जयनगर की कमला नदी से जल भरकर भवानीपुर पहुंचे. इसके अलावा मंदिर परिसर स्थित पवित्र कूप का जल भी लेकर भक्तों ने बाबा उग्रनाथ महादेव का अभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
प्रशासन ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे. सकरी थानाध्यक्ष मनोज कुमार सुबह से ही पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय रहे. पुलिस कर्मियों ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की निगरानी संभाली, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
मंदिर न्यास समिति और स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष अमरेंद्र मोहन झा, पूर्व मुखिया जीवछ यादव, मंदिर प्रबंध समिति की तत्कालीन न्यासी सोनी कुमारी, सरपंच रंजित मंडल, रोहित यादव और बीपीआरओ राजू कुमार सहित कई गणमान्य लोग सुबह से मंदिर परिसर में मौजूद रहे. उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया. स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की कतार, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सहयोग किया.
पंडौल के अन्य शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
दूसरी सोमवारी पर पंडौल प्रखंड के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. नवहथ गांव स्थित जटेश्वर नाथ महादेव, भगवतीपुर के भुवनेश्वर नाथ महादेव, शाहपुर के हरिनेश्वर नाथ महादेव, सलेमपुर के आलेश्वर नाथ महादेव, भौरघाट के झालेश्वर नाथ महादेव और कनकपुर के कनकेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने जल, गंगाजल, बेलपत्र, दूध और पुष्प अर्पित किए.
यह भी पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान के तहत महथा स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाया हुनर
