Madhubani News: सावन की तीसरी सोमवारी पर जिलेभर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अहले सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गयी. हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय बना रहा.
सुबह से शिवालयों में लगी लंबी कतार
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की. प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे.
रहिका के बाबा कपिलेश्वर स्थान में भी तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही. लोग अहले सुबह से कतार में लगकर बाबा कपिलेश्वर का जलाभिषेक करते नजर आये.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने किये विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये थे. प्रमुख शिवालयों, मंदिर परिसरों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी.
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और आवाजाही सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे.
देर रात से शिवालयों का जायजा लेते रहे अधिकारी
एसडीएम सदर, एएसपी हेडक्वार्टर और डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी देर रात से ही विभिन्न क्षेत्रों और प्रमुख शिवालयों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे.
अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया.
कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं
तीसरी सोमवारी के दौरान जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. कपिलेश्वर स्थान सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया.
