Bihar Scholarship 2026: बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना 2026 के तहत प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अल्पसंख्यक विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस योजना के तहत इंटर, मौलवी और फौकानिया परीक्षा में प्रथम श्रेणी से सफल विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे और पात्र छात्र-छात्राएं ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं.
किन विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ?
योजना का लाभ केवल बिहार के स्थायी निवासी अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को मिलेगा. इसमें मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध और ईसाई समुदाय के पात्र छात्र-छात्राएं शामिल हैं.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से इंटर प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण मुस्लिम छात्राएं, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड से मौलवी प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण मुस्लिम छात्राएं तथा फौकानिया प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं.
किसे मिलेगी ₹10 हजार और किसे ₹15 हजार?
योजना के तहत प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को निम्नानुसार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी-
- मैट्रिक अथवा फौकानिया प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को ₹10,000
- इंटरमीडिएट अथवा मौलवी प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण केवल छात्राओं को ₹15,000
यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी.
अब सिर्फ ऑनलाइन करना होगा आवेदन
सरकार ने इस योजना के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर दी है. अब पात्र विद्यार्थियों को जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी. सभी आवेदन ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन करते समय निम्नलिखित दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी-
- निवास प्रमाण पत्र
- अंकपत्र
- उत्तीर्णता प्रमाण पत्र
- पंजीकरण कार्ड
- पासपोर्ट साइज फोटो
- हस्ताक्षर
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक या रद्द चेक
सभी दस्तावेज स्पष्ट और स्व-अभिप्रमाणित होने चाहिए.
समय रहते करें आवेदन
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते ई-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना 2026 का लाभ समय पर मिल सके.
यह भी पढ़ें: मिथिला में 3 अगस्त से मधु श्रावणी की शुरुआत, अखंड सौभाग्य के लिए नवविवाहिताएं करेंगी विशेष पूजा
