मधुबनी: सदर अस्पताल निरीक्षण में दो डॉक्टरों पर कार्रवाई, वेतन भुगतान पर रोक

मधुबनी सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने लापरवाही के आरोप में दो चिकित्सकों से जवाब तलब करते हुए उनके वेतन भुगतान पर रोक लगा दी. निरीक्षण के दौरान सफाई, एसी व्यवस्था, ब्लड बैंक और ऑक्सीजन प्लांट को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. पढ़ें पूरी खबर...

मधुबनी से अनिल कुमार झा की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी सदर अस्पताल में कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने दो चिकित्सकों से जवाब तलब करते हुए उनके वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है. कार्रवाई समय पर पोस्टमार्टम नहीं करने और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के मामले में की गई है.

दो डॉक्टरों पर कार्रवाई

सिविल सर्जन ने समय पर पोस्टमार्टम नहीं करने के आरोप में डॉ. जीशान सिद्दीकी तथा प्रसव कक्ष में ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर डॉ. ममता प्रसाद से स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही दोनों के वेतन भुगतान पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है.

अस्पताल का किया निरीक्षण

शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने सदर अस्पताल स्थित एसएनसीयू, ब्लड बैंक, प्रसव कक्ष, इमरजेंसी और विभिन्न भर्ती वार्डों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

ब्लड बैंक और एसी व्यवस्था सुधारने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक की सेपरेशन मशीन बंद मिलने पर सिविल सर्जन ने ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. कुणाल कौशल को इसे शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया. वहीं अस्पताल प्रबंधक को सेंट्रलाइज्ड एसी को पूरी तरह कार्यशील रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त एसी लगाने के निर्देश दिए.

सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर

मॉडल अस्पताल के कॉरिडोर में गंदगी देखकर सिविल सर्जन नाराज हो गए. उन्होंने संबंधित एजेंसी को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया. साथ ही इमरजेंसी वार्ड में हर दो घंटे पर सफाई और पोछा लगाने के निर्देश भी दिए.

ऑक्सीजन प्लांट चालू कराने की पहल

सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधक को ऑक्सीजन प्लांट को चालू कराने के लिए आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश दिया, ताकि अस्पताल में प्लांट से नियमित ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.

मरीजों से लिया फीडबैक

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से पथ्य आहार, दवा वितरण, चादर बदलने की व्यवस्था और चिकित्सकों के राउंड की जानकारी ली. मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया.

उन्होंने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के उपचार में तत्परता बरतने, आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता बनाए रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.

इस अवसर पर डॉ. कुणाल कौशल, अस्पताल प्रबंधक अब्दुल मजीद सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >