Madhubani News: झंझारपुर थाना में बाइक छीनने, 50 हजार रुपये लूटने और एक लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों को नामजद करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Jhanjharpur News: मारपीट कर बाइक और नकदी लूटने का आरोप
रुद्रपुर थाना क्षेत्र के हरड़ी गांव निवासी शंकर कुमार चौधरी ने आवेदन में बताया कि नौ जुलाई की सुबह वह अपनी बाइक से हरड़ी से झंझारपुर आ रहे थे. सुबह करीब 11 बजे कनहौली के समीप एक बाइक पर सवार दो लोगों ने उनका पीछा कर जबरन वाहन रोक लिया. आरोप है कि दोनों ने मारपीट कर उन्हें बाइक से गिरा दिया. इसके बाद एक आरोपित उनकी बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए.
एक लाख रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप
पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि दोनों आरोपितों ने उनसे एक लाख रुपये रंगदारी की भी मांग की. घटना के बाद गांव में पंचायत हुई, लेकिन आरोपित उसमें शामिल नहीं हुए. इसके बाद उन्होंने झंझारपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की.
पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
