Benipatti Liquor Seizure: स्थानीय थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की अहले सुबह कार्रवाई कर एक पिकअप वैन पर लदी नेपाली देसी शराब की बड़ी खेप बरामद की. पुलिस को देखते ही पिकअप वैन का चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा.
जानकारी के अनुसार, शराब लदी पिकअप वैन उच्चैठ से बेनीपट्टी की ओर जा रही थी. इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास पहले से तैनात स्थानीय थाना की पुलिस टीम को देखकर वैन चालक सह तस्कर ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की.
जब चालक को वाहन के साथ भाग निकलने में सफलता नहीं मिली, तो वह शराब लदी पिकअप वैन वहीं छोड़कर नीचे कूद गया और तेजी से फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने शराब लदी पिकअप वैन को जब्त कर थाना ले गयी.
पिकअप से मिली 6000 बोतल नेपाली शराब
पुलिस ने थाना लाकर पिकअप वैन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बोरियों में भरी नेपाली देसी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. गिनती करने पर पिकअप वैन से नेपाली देसी शराब की 6000 बोतलें मिलीं. बरामद शराब की मात्रा करीब 1800 लीटर बतायी जा रही है.
मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी
बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि थाना के पीएसआइ आकाश कुमार के नेतृत्व में गश्ती कर रही पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. मामले में पुलिस ने पिकअप वैन के मालिक और चालक के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें
Khutauna Police Attack: विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस पर पथराव, SI अंकित कुमार घायल; पांच गिरफ्तार
