Madhubani News: बाल हृदय योजना के तहत हृदय रोग से पीड़ित जिले के चार बच्चों को निःशुल्क इलाज के लिए सोमवार को अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साई हृदय रोग अस्पताल भेजा गया. जिला स्वास्थ्य समिति ने 102 एंबुलेंस के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों को सुरक्षित पटना पहुंचाया. इसके बाद बच्चों को पटना एयरपोर्ट से अहमदाबाद भेजा गया.
चार प्रखंडों के बच्चों का हुआ चयन
जिला स्वास्थ्य समिति के निर्देश के अनुसार चारों बच्चों को उनके माता-पिता और अभिभावकों के साथ सोमवार दोपहर दो बजे राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, शेखपुरा, पटना पहुंचाया गया.
बाल हृदय योजना के तहत इलाज के लिए चयनित बच्चों में बिस्फी प्रखंड के खंगरैठा निवासी अनुष्का कुमारी, राजनगर प्रखंड के कैथाही निवासी दीपा कुमारी, खुटौना प्रखंड के तुरियाही निवासी रितेश कुमार पंडित और मधेपुर प्रखंड के प्रसाद निवासी राघव महतो शामिल हैं.
अहमदाबाद के विशेषज्ञ अस्पताल में होगा इलाज
चारों बच्चों का अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साई हृदय रोग अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय संबंधी बीमारी का इलाज किया जाएगा. बच्चों को उपचार के लिए भेजने से पहले जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से आवश्यक समन्वय किया गया.
बाल हृदय योजना के माध्यम से पात्र बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा संस्थानों में उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण है, क्योंकि हृदय संबंधी महंगे उपचार का खर्च वहन करना उनके लिए मुश्किल होता है.
इलाज पूरा होने के बाद वापसी को लेकर जारी होगा निर्देश
जिला स्वास्थ्य समिति के निर्देश के अनुसार इलाज पूरा होने के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों को वापस लाने के संबंध में आवश्यक निर्देश बाद में जारी किया जाएगा.
बच्चों को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी 102 एंबुलेंस के माध्यम से सुनिश्चित की गयी है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी में कांग्रेस का भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष के कथित अपमान को लेकर जताया विरोध
