मधुबनी. जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक हुई. कृषि यंत्रीकरण की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कृषि यंत्रीकरण से संबंधित लंबित आवेदनों को एक सप्ताह के अंदर कृषि समन्वयक के स्तर से भौतिक सत्यापन करा अनुदान भुगतान में प्रगति लाना सुनिश्चित करें. जिलाधिकारी ने किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया कि सेल्फ रजिस्ट्रेशन से प्राप्त हो रहे आवेदनों को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की वेबसाइट पर जमीन संबंधी कागजातों का सत्यापन कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करें. जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पीएम किसान योजना में इकेवाईसी, शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन , एनपीसीआई, सेल्फ रजिस्ट्रेशन में निम्न प्रदर्शन करने वाले कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, प्रखंड कृषि समन्वयक से स्पष्टीकरण पूछें. उर्वरक उपलब्धता के समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया की उर्वरक की उपलब्धता एवं बिक्री पर सतत निगरानी रखें. किसी भी स्थिति में उर्वरकों की कालाबाजारी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उर्वरक की बिक्री पर सतत निगरानी रख कृषि समन्वयक व किसान सलाहकारों की उपस्थिति में उर्वरक का वितरण उचित मूल्य पर करना सुनिश्चित करें. साथ ही भ्रमणशील रहकर उर्वरक का निर्धारित मूल्य पर बिक्री एवं खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी प्रतिदिन करना सुनिश्चित करें. उन्होंने निर्देश दिया कि बंद पड़े नलकूपों की शीघ्र मरम्मत कर चालू कराना सुनिश्चित करें. बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित सभी संबधित अधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
