अपराधी बेखौफ, पुलिस नहीं कर पा रही मामले का खुलासा

दुस्साहस. दो बाइक पर सवार चार अपराधी दे रहे घटना को अंजाम पहचान होने के बाद भी अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर लूट का एक जैसा तरीका अपना रहे हैं अपराधी मधुबनी : नगर थाना क्षेत्र से लेकर पूरे जिले भर में बीते कुछ सालों में हुए आपराधिक घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस […]

दुस्साहस. दो बाइक पर सवार चार अपराधी दे रहे घटना को अंजाम

पहचान होने के बाद भी अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर
लूट का एक जैसा तरीका अपना रहे
हैं अपराधी
मधुबनी : नगर थाना क्षेत्र से लेकर पूरे जिले भर में बीते कुछ सालों में हुए आपराधिक घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस नाकाम रही है. नगर थाना क्षेत्र में बीते 28 दिसंबर की रात बड़ा बाजार स्थित भगवान दास के घर में डाका कांड की घटना की बात हो या फिर बीते मंगलवार की रात कृष्णा ज्वेलर्स के मालिक सुमित कुमार के घर के समीप से अज्ञात अपराधियों के द्वारा लूट कांड. या फिर जयनगर कारबाइन फायरिंग कांड , दतुआर में डाकाकांड व हत्या कांड. पुलिस इनमें से किसी भी मामले में अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है. अपराधी बेखौफ होकर घटना को अंजाम देकर चले जाते हैं और पुलिस केवल अपराधियों की पहचान हो जाने तक की कार्रवाई पर अपनी पीठ थपथपाती भर रह जाती है.
एक सा है लूट का तरीका
आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने व अपराधियों के भागने का तरीका एक सा है. अपराधी दो बाइक से आते हैं. बेखौफ हो फायरिंग करते हैं. गौर किया जाय तो जयनगर कारबाइन फायरिंग में भी दो मोटरसाइकिल से चार की संख्या में अपराधी आये और ताबड़तोड़ कारबाइन से फायरिंग की. फिर भाग गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भगवतीपुर पेट्रोल पंप लूट कांड भी इसी प्रकार किया गया था. यहां भी दो बाइक से अपराधी आये और हवाई फायरिंग करते हुए घटना को अंजाम दिया. मुख्यालय में सुमित कुमार के साथ हुए लूट की घटना भी दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधियों ने ही दी है.
गृहस्वामी की हुई थी हत्या
घटना एक : 2015 के 25 दिसंबर की रात खजौली के दतुआर गांव के दरबार में भीषण डाका कांड हुआ था. इसमें अपराधियों ने जमकर लूटपाट की व विरोध करने पर गृहस्वामी विनय कुमार सिंह की निर्ममता से हत्या कर दी थी. पुलिस ने अपराधियों के नेपाल में भाग जाने की बात कह कर जांच को सीमित कर दिया. नतीजा आज तक खुलासा नहीं हो सका है.
एक साल बाद भी खुलासा नहीं
घटना दो. दतुआर के ही एलआइसी के सेवानिवृत अधिकारी सुरेंद्र सिंह के घर पर जनवरी 2016 में डकैती हुई. अपराधियों ने बेखौफ होकर लूटपाट किया, बम भी फोड़े, गृह स्वामी को घायल कर दिया. घटना पुलिस थाना से महज आधे किलोमीटर की दूरी पर घटी थी. आज तक इसका खुलासा नहीं हो सका है.
भट्ठा मालिक की हुई थी हत्या
घटना तीन : तीन दिसंबर 2015 के लदनियां थाना क्षेत्र के ईंट भठ्ठा मालिक नंद यादव की अपराधियों ने उस वक्त गोली मार कर हत्या कर दी जब वे अपने भठ्ठा से वापस बाबूबरही घर आ रहे थे. लोगों ने सड़क जाम किया. प्रशासन ने अपराधियों के जल्द ही पकड़ लेने का आश्वासन देकर जाम तो हटा दिया पर आज तक इस आश्वासन पर कार्रवाई नहीं हो सकी है.
सरगना पुलिस पकड़ से दूर
घटना चार : नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में स्वर्ण आभूषण कारोबारी भगवान दास के घर में 28 दिसंबर 2016 की रात अपराधियों ने डाका डाला. परिजनों को बंधक बना कर करीब एक घंटे तक लूट पाट किया. मुख्य सरगना की पहचान होने के बाद भी अब तक पुलिस उसे नहीं पकड़ सकी है.
10 लाख जेवरात की हुई लूट
घटना पांच : बीते 21 फरवरी की देर शाम कृष्णा ज्वेलर्स के मालिक सुमित कुमार से अज्ञात अपराधियों ने उनके घर के समीप से 16 हजार नकदी सहित करीब दस लाख के जेवरात लूट लिया. पुलिस को अपराधियों के भागने का लोकेशन का भी पता चला. पर, अपराधियों की गिरफ्तारी इस कांड में भी नहीं हो सका है.
नाकेबंदी के बाद भी भागे अपराधी
घटना छह : बीते जनवरी माह में दो मोटरसाइकिल पर आये हथियारों से लैस अज्ञात अपराधियों ने पंडौल थाना क्षेत्र के भगवतीपुर पेट्रोल पंप पर लूट पाट की थी. इस दौरान हवाई फायरिंग करते हुए निकल गये. घटना के बाद पांच थानों की पुलिस नाकेबंदी कर अपराधियों के पकड़ने की कोशिश की. लेकिन नतीजा आज तक शून्य ही रहा है.
अपराधियों की हुई पहचान
अपराधियों की पहचान कर ली गयी है. जल्द ही अपराधी पुलिस के गिरफ्त में होगा.
दीपक बरनवाल, एसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >