सफलता. सरगना फरार, 3.9 लाख रुपये नकद व पिकअप भी जब्त
मधुबनी : नगर थाना क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न भागों से पुलिस ने रविवार को भारी मात्रा में शराब बरामद किया है. वहीं कारोबार में लिप्त एक महिला सहित पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसमें लहेरियागंज से नगर थाना पुलिस ने पिकअप पर लदे हुए 160 कार्टन शराब बरामद किया है. वहीं नगर थाना क्षेत्र से इसके साथ ही पुलिस ने मौके से पिकअप, चालक सहित कारोबार में लिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों के पास से 3 लाख 9 हजार रुपये नकद भी बरामद किये गये हैं.
नगर थाना क्षेत्र में इतनी भारी मात्रा में शराब बरामदगी से हड़कंप मचा हुआ है. हालांकि अब तक पुलिस इसके सरगना को तलाश नहीं कर सकी है. सभी शराब हरियाणा निर्मित रायल स्टैग एवं इंपीरियल ब्लू ब्रांड का है. एसपी दीपक बरनवाल ने बताया है कि गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के लहेरिया गंज से 160 कार्टून शराब बरामद किया.
रविवार की अहले सुबह लहेरिया गंज से एक पिकअप भान में 15 कार्टन शराब के लदे होने की जानकारी पुलिस को हुई. पैंथर मोबाइल व नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की टीम जब तक लहेरियागंज पहुंची तब तक पिकअप वान वहां से निकल चुका था. पुलिस पिकअप का पीछा कर पिकअप को पकड़ा. इस दौरान पुलिस को पिकअप पर लदे 15 कार्टन शराब मिला.
गोदाम से िमली 145 कार्टून शराब पुलिस द्वारा पिकअप चालक से पूछताछ की गयी. जिसमें वाहन चालक राजकुमार यादव उसने पुलिस को लहेरिया गंज स्थित उक्त शराब के गोदाम के बारे में जानकारी दी जहां भारी मात्रा में शराब रखा हुआ था. पुलिस ने उस गोदाम पर छापेमारी कर 145 कार्टून शराब बरामद हुआ. पुलिस उस मकान से शराब के कारोबारी जयहिंद साव के घर से तीन लाख नौ हजार रुपये भी बरामद किये. एसपी ने कहा कि गिरोह का सरगना कमलेश यादव है. वह पूर्व से ही आरोपित है एवं फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके गांव पंडौल थाना के राघोपुर में छापेमारी कर रही है.
सरगना को पकड़ने के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
नगर थाना क्षेत्र में हुए भारी मात्रा में शराब की बरामदगी के बाबत आरोपियों जयहिंद साव एवं वाहन चालक राजकुमार यादव ने पुलिस को बताया कि मुख्य सरगना पंडौल के रघुनाथपुर निवासी कमलेश यादव है. उसी के द्वारा पूरे जिले में अवैध अंग्रेजी शराब का धंधा चलाया जा रहा है. वह अपने ममहर मेघौल में रहकर यह कारोबार करता है. आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय के नेतृत्व में पंडौल थाना के मेघौल में भी छापेमारी की गई पर पुलिस को कमलेश हाथ नहीं लग पाया.
पांव से विकलांग पर कारोबारी नगर थाना क्षेत्र के लहेरियागंज स्थित जयहिंद साव के घर एवं गोदाम से बरामद 350 कार्टून शराब की बात सुनते ही लोग सन्न रह गए. क्योंकि जयहिंद साव एक पाव से विकलांग है. दाहिने पैर के घुटना से नीचे उसका पांव कटा हुआ है.
वह बैसाखी के सहारे चलता है. पर अवैध शराब के कारोबार में उसका लंबा चौड़ा हाथ है. मधुबनी, दरभंगा, जयनगर सहित जिले के अन्य अनुमंडल व प्रखंडों में जयहिंद साव शराब बेचने का धंधा करता है.
छापेमारी दल को मिलेगा पुरस्कार
1465 लीटर शराब के बरामदगी में शामिल पुलिस के छापामारी दल को एसपी पुरस्कृत करेंगे. एसपी दीपक बरनवाल ने बताया कि छापेमारी दल में शामिल सभी कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा. इनमें नगर थानाध्यक्ष सह निरीक्षक अरुण कुमार राय, एसआई नेसार अहमद, एएसआई नकुल प्रसाद एवं शंभू प्रसाद यादव, पैंथर मोबाइल के सिपाही राजीव कुमार, नंदू सिंह, संजीव कुमार सिंह, पीटीसी अरूण कुमार सिंह एवं नगर थाना सशस्त्र बल शामिल है.
चलेगा स्पीडी ट्रायल
लेहिरयागंज में बरामद 160 कार्टून शराब के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध स्पीडी ट्रायल चलाई जाएगी. उक्त जानकारी एसपी दीपक बरनवाल ने दी. एसपी ने कहा कि इस मामले में दो माह के अंदर आरोप पत्र दाखिल कर स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को सजा दिलाने का प्रयास की जाएगी.
30 लाख मूल्य का है बाजार भाव
1465 लीटर शराब के बरामदगी के मामले में हालांकि एसपी ने बताया कि इसमी अनुमानित कीमत 12 से 15 लाख हो सकती है. पर जानकारों की माने तो शराब बंदी के बाद से ब्लैक में मिल रहे शराब दूनी तिगुने दामों पर मिल रहा है. इस हिसाब से बरामद शराब की कीमत 30 से 35 लाख तक हो सकती है.
