Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र के चनौरागोठ गांव में युवक किशुन ठाकुर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मृतक के पिता के आवेदन पर पत्नी, सास, ससुर और दो सालों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ससुर और दो सालों को गिरफ्तार कर लिया है.
पत्नी को लेने गया था ससुराल
जानकारी के अनुसार, ताजपुर वार्ड-17 निवासी 32 वर्षीय किशुन ठाकुर की शादी करीब 12 वर्ष पहले चनौरागोठ निवासी भोला ठाकुर की पुत्री पार्वती देवी से हुई थी. दंपती के दो पुत्र हैं.
मृतक के बड़े भाई ललन ठाकुर ने बताया कि 9 मई को किशुन और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद पार्वती देवी अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी.
बुधवार सुबह किशुन अपनी पत्नी और बच्चों को वापस लाने ससुराल पहुंचा था. आरोप है कि शाम में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई.
जहर देकर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने किशुन को जहर देकर मार डाला.
बताया गया कि तबीयत बिगड़ने के बाद ससुराल वाले उसे चनौरागंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक के भाई का कहना है कि परिवार को काफी देर बाद सूचना दी गई. जब तक वे अस्पताल पहुंचे, किशुन की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी.
तीन आरोपी गिरफ्तार
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता कपिलेश्वर ठाकुर के आवेदन पर पत्नी पार्वती देवी, ससुर भोला ठाकुर, सास उर्मिला देवी और साले कन्हैया ठाकुर व नुनु ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने ससुर भोला ठाकुर और दोनों सालों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पत्नी और सास की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम के बाद किशुन ठाकुर का शव पैतृक गांव ताजपुर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
मधुबनी झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
