मधुबनी से रमण कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत रामपट्टी-कैथाही मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. कैथाही चौक से आगे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी. इस भीषण हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया है, जबकि उसका वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा.
पुलिया के निर्माण पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कैथाही पंचायत के पूर्व सरपंच कृष्णा कामत और पूर्व पंचायत समिति सदस्य सतीश चन्द्र झा ने घटनास्थल पर पहुंचकर विरोध जताया. उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग द्वारा इस पुलिया का निर्माण गलत ढंग से किया गया है. पुलिया का डिजाइन और मोड़ इतना दोषपूर्ण है कि यहाँ आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं.
लगातार हो रहे हादसों से दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी इस स्थान पर दर्जनों छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिया के पास सुरक्षा संकेतक और आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे. फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और घायल युवक का उपचार जारी है.
