जयनगर : जयनगर स्थित स्टेशन चौक के पास एक किराना दुकान से सामान खरीद रहे एक अवकाशप्राप्त शिक्षक से उचक्को ने रूपयों से भरा बैग उड़ा लिया. शिक्षक दु:खमोचन झा ने बताया कि वे अपनी पुत्री के द्विरागमन के लिए जयनगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से दिन के लगभग ग्यारह बजे 75 हजार रुपए निकालकर घर ले जा रहे थे.
स्टेशन चौक के पास वे कुछ मसाले वगैरह खरीदने लगे. खरीदे गए सामानों को एक झोले में रखने के क्रम में उन्होंने रूपयों से भरा बैग बगल में रख दिया और सामान झोले में रखने लगे. जब उनकी नजर बैग की ओर गयी तो उन्होंने अपना रूपयों से भरा बैग गायब पाया. इस बाबत उन्होंने थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है. थानाध्यक्ष जेसी राम ने बताया कि उचक्कों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. अवकाश प्राप्त शिक्षक दु:खमोचन झा जयनगर प्रखंड के कमलाबाड़ी मध्य विद्यालय में कार्यरत थे. वे घोघरडीहा प्रखंड के चिकना गांव निवासी हैं.
