निर्वाचन आयोग की अनुमति के बाद हुआ स्थानांतरण
मधुबनी : अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था को प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक अख्तर हुसैन ने छह थानाध्यक्षों का तबादला विभिन्न थाना क्षेत्रों में किया है. हालांकि जिले में हरलाखी उपचुनाव को लेकर आचार संहिता लागू है, लेकिन इन स्थानांतरणों का अनुमोदन चुनाव आयोग से करा लिया गया है.
जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह द्वारा भेजे गये प्रस्ताव पर निर्वाचन आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी अतुल कुमार वर्मा द्वारा उपरोक्त तबादला का विभागीय अनुमति दे दी गयी है. पुलिस निरीक्षक मदन प्रसाद को पुलिस निरीक्षक खजौली अंचल का प्रभार दिया गया है.
श्री प्रसाद जयनगर थानाध्यक्ष सह निरीक्षक के पद पर पदस्थापित थे. वहीं पुलिस निरीक्षक जयचंद्र राम को जयनगर थाना का थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है. श्री राम नगर अंचल के पुलिस निरीक्षक थे. पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार मिश्रा को खजौली अंचल से पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया गया है.पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार तृतीय थानाध्यक्ष अंधराठाढ़ी को राजनगर थानाध्यक्ष, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो को झंझारपुर थाना से अंधराठाढ़ी थाना के थानाध्यक्ष बनाया गया है. पुलिस अवर निरीक्षक आशुतोष कुमार झा को नगर थाना से कलुआही थानाध्यक्ष बनाया गया है.
