मधुबनी : स्वच्छ व सुंदर शहर की परिकल्पना तब तक साकार नहीं हो सकती जब तक कि आधार भूत संरचना का विकास न हो. सड़क, बिजली, पानी सहित कई ऐसी मूलभूत आवश्यकता है जिसके लिए शहर में परेशानी बनी रहती है. इनमें सड़के सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है. दरअसल, शहर के कुछ इलाके की सड़कों की हालत ऐसी थी जहां सालों भर पानी जमा रहता था. ऐसे में इन सड़कों के निर्माण होने से यहां के लोगों ने राहत की सांस ली है.
शहर में मुख्य चार सड़कों का निर्माण डूडा द्वारा मुख्यमंत्री नगर विकास योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है. इसमें दो सड़कों का निर्माण पूरा हो गया है तथा दो का निर्माण शुरू हो चुका है. गौरतलब हो कि इन सड़कों के निर्माण को लेकर स्थानीय लोग व सामाजिक संगठनों ने कई बार आंदोलन भी की थी. निश्चित तौर पर एक ओर जहां आवागमन की सुविधा बढ़ी है वहीं जाम की समस्या से भी लोग राहत लेंगे.
जर्जर हो चुकी थीं सड़कें
शहर में जर्जर हो चुकी सड़कों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. मुख्यमंत्री नगर विकास योजना के अंतर्गत जिला शहरी विकास अभिकरण इसका निर्माण कार्य कर रहा है. इसके अंतर्गत संतू नगर, आरके कॉलेज से लोहरसारी चौक, स्टेडियम रोड तथा वार्ड नंबर-2 में नाका चौक से राम जानकी मंदिर तक की चार सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है. इसमें से संतू नगर स्थित सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. जबकि शेष तीन सड़कों का निर्माण शुरू हो चुका है.
63 सौ फीट लंबी हैं सड़कें
शहर में मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत बनने वाली कुल सड़कों की लंबाई 6325 फीट है. इनमें संतू नगर में 1700 फीट, लोहसारी चौक के समीप 1300, स्टेडियम रोड में 2200 फीट एवं नाका चौक के समीप 25 लाख की लागत से सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है. स्टेडियम रोड में 1300 फीट को छोड़ कर सभी सड़कों को पीसीसी कराया जा रहा है.
जलजमाव से मिलेगी निजात
इन सड़कों के निर्माण हो जाने से शहर वासियों को जल जमाव से निजात मिलेगी. हालांकि यहां नाला निर्माण भी जरूरी है पर पानी लगा रहता था. जिससे आवागमन पूरी तरह ठप थी. यहां के लोगों की स्थिति नारकीय बनी हुई थी. जहां पैदल चलना भी मुश्किल था. अब जबकि सड़कों के निर्माण होने से लोगों ने राहत की सांस ली है.
दो करोड़ सात लाख से बन रही हैं सड़कें
जिला शहरी विकास अभिकरण द्वारा बनायी जा रही चार सड़कों पर दो करोड़ सात लाख खर्च किये जायेंगे. संतू नगर 98 लाख, लोहसारी चौक में 36 लाख, स्टेडियम रोड में 49 लाख एवं नाका चौक 24 लाख 55 हजार रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है.
कई बार हो चुका है आंदोलन
लाइफ लाइन माने जाने वाले सड़क की जर्जरता को लेकर स्थानीय लोग परेशान थे. इन सड़कों की हालत ऐसी कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल था. इन सड़कों के निर्माण के लिए कई बार आंदोलन भी हो चुके हैं. इसमें कई सामाजिक संगठन व स्थानीय लोग
शामिल थे.
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला शहरी विकास अभिकरण के कार्यपालक अभियंता उत्तम कुमार व जेइ जेएस शिवम ने कार्य स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता किया जायेगा. निर्माण समय से पूरा कर लिया जायेगा.
