– राज्य स्तरीय कांग्रेस में खोजपरक प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर किया जिले का नाम रोशन
मधुबनी : ट्रीनटी इंटरनेशनल स्कूल, मधुबनी की छात्रा शाहिदा तबस्सुम को मोहाली में आगामी 27 से 31 दिसंबर तक होने वाले राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में भाग लेने का अवसर मिला है.
तबस्सुम को यह मौका पिछले दिनों नालंदा में आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अपने खोजपरक प्रस्तुत करने पर मिला है. तबस्सुम ने मौसम संबंधी बीमारियों पर अध्ययन विषय आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर विशेषज्ञों को चकित कर दिया. प्रोजेक्ट निर्माण में प्रज्ञा झा, अंजलि कुमारी, निधि कुमारी, स्वीटी कुमारी ने भी सहभागिता दी.
तबस्सुम की उपलब्धि पर ट्रीनटी इंटरनेशनल स्कूल में एक कार्यक्रम आयोजित कर उसे सम्मानित किया गया. उसकी उपलब्धि की सराहना करते हुए बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्य उपाध्यक्ष आरएस पांडेय ने कहा कि जिले के बच्चों में प्रतिभा कूट-कूट कर भरी है. जरूरत है उसे संवारने की. तबस्सुम की इस सफलता से जिले के बच्चों को प्रेरणा मिली है.
अध्यक्षता करते हुए स्कूल के प्राचार्य आरके झा ने कहा कि तबस्सुम ने स्कूल का ही नाम नहीं किया है वरन पूरे जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने उसके उज्जवल भविष्य की कामना की. बाल विज्ञान के जिला समन्वयक संतोष कुमार मिश्र चुन्नू ने कहा कि प्रतिभा को आकार देने की जिम्मेदारी हर शिक्षक की है.
शैक्षणिक समन्वयक मनोज कुमार झा ने कहा कि वर्तमान में विज्ञान के बिना कुछ भी संभव नहीं है. ये खुशी की बात है कि जिले के बच्चे इस क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे हैं. कार्यक्रम को अब्दुल हई, पिंकी झा, एसएन झा, वीएन झा, राघवेंद्र, सनाउल्लह ने भी संबोधित किया.
