सरकारी व निजी भवनों की दीवार पर पेंटिंग का काम शुरू
मधुबनी : शहर में द्वितीय चरण में पुन: दीवार एवं सरकारी कार्यालयों के दीवार पर मिथिला चित्रकला बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी है. उपविकास आयुक्त अजय कुमार सिंह ने बताया कि वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दिए गए राशि से शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर वाल पेंटिंग फिर से करायी जा रही है. इससे […]
मधुबनी : शहर में द्वितीय चरण में पुन: दीवार एवं सरकारी कार्यालयों के दीवार पर मिथिला चित्रकला बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी है. उपविकास आयुक्त अजय कुमार सिंह ने बताया कि वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दिए गए राशि से शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर वाल पेंटिंग फिर से करायी जा रही है.
इससे शहर व सरकारी कार्यालयों के दीवार सुंदर लगेंगे. इसमें निजी मकान मालिकों जिनका घर सड़क के किनारे लिया जायेगा. निजी मकान मालिक की दीवार पर वाल पेंटिंग के लिए उनसे लिखित रूप से अनुमति प्राप्ति के लिए शपथ पत्र अथवा स्वघोषणा पत्र भरवाया जायेगा. साथ ही उनसे यह भी करार कराया जायेगा कि तीन वर्ष से पूर्व वे उस वॉल पेंटिंग के चित्रकला को नहीं मिटाएंगे.
इसी प्रकार वाल पेंटिंग करने वाले कलाकारों से भी एक शपथ पत्र भराया जायेगा कि कलाकार बिना भय या दवाब के स्वेच्छा से जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित जिले के सार्वजनिक स्थानों, निजी स्थानों पर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुसज्जित करने के लिए चित्रकला का चित्रांकन कार्य बिना किसी पारिश्रमिक के अपनी जिम्मेवारी पर करूंगा. भविष्य में किसी प्रकार का दावा जिला प्रशासन पर नहीं करूंगा.
उच्च कोटि के रंग का होगा प्रयोग. जिला प्रशासन द्वारा चित्रांकन करने वाले कलाकारों के शपथ पत्र में यह भी उल्लेख है कि चित्रांकन के लिए सभी कलाकार उच्च कोटि के रंग का प्रयोग करेंगे. इनामेल कलर का ही उपयोग करेंगे. फ्रैबिक कलर का उपयोग नहीं करेंगे. यदि किसी कलाकार द्वारा निम्न गुणवत्ता वाली कलर का उपयोग किया जाता है एवं पेंटिंग की गुणवत्ता अच्छी नहीं पायी जाती है तो संबंधित पेंटिंग को मिटवा दिया जायेगा.
सामग्री एवं प्रोत्साहन राशि का होगा भुगतान. दीवारों पर हो रहे पेंटिंग में सामग्री एवं कलाकारों को कुछ प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान जिला प्रशासन ने किया है. डीआरडीए के लेखा पदाधिकारी बाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि प्रत्येक दीवार पर एक पेंटिंग के लिए मुख्य कलाकार को एक हजार रुपये की राशि सामग्री के लिए दी जायेगी.
साथ ही मुख्य कलाकार जो राष्ट्रीय अथवा राज्य पुरस्कार प्राप्त कलाकार होंगे उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कलाकार को 700 रुपये, राज्य पुरस्कार प्राप्त कलाकार को 600 रुपये एवं उनके टीम के अन्य तीन नवोंछित कलाकार को 300 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रत्येक दिन के लिए दी जायेगी. एक पेंटिंग को चार दिन में समाप्त करना होगा.