मधुबनी : पुरातन काल से ही सांस्कृतिक दृष्टिकोण से समृद्ध रहे मधुबनी जिले के कलाकारों ने सूबे व देश सहित दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया है. बात चाहे पेंटिंग के क्षेत्र की हो या फिर संगीत, परंपरागत लोक संस्कृति को संजोने की या आज के सिनेमाई चमक दमक की. कला के प्रत्येक विधाओं में यहां के प्रतिभावान कलाकारों ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज की है.
इसी कड़ी में वीएनसी. एक्टिंग इंस्टिट्यूट के द्वारा जिले में पहली बार आगामी 30 जून को शहर के आरके.कॉलेज परिसर में मधुबनी के बच्चों की प्रतिभा को एक मंच देने के उद्देश्य से पहला मधुबनी चिल्ड्रन थिएटर फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है.
जिसमें राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों का जमावड़ा लगेगा. वीएनसी फिल्म क्लब के संस्थापक व कार्यक्रम के संयोजक विद्यानंद चौधरी ने शुक्रवार को अपने संस्थान परिसर में ये जानकारी देते हुए कहा कि सांस्कृतिक विकास के बिना समाज के सर्वांगीण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती और बच्चों से ही सांस्कृतिक विकास की बुनियाद रखी जा सकती है.
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा से रूबरू होने हिंदी फिल्मों के अभिनेता अमिय अमित कश्यप, राष्ट्रकवि दिनकर फिल्मसिटी के राकेश महंथ, बाल रंगमंच के संस्थापक हृषिकेश कुमार और उनके बाल कलाकार, फिल्म एक्टिंग गुरु रविभूषण मुकुल, इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज और कपिल शर्मा शो फेम हर्षराज लकी एवं कार्तिक राज और हृतिक रौशन फिल्म सुपर 30 के चाईल्ड आर्टिस्ट उपस्थित रहेंगें. अध्यक्षता आर के कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके मंडल करेंगें .
