उदाकिशुनगंज में महिला के घर से 52 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, डेढ़ लाख की खेप के साथ गिरफ्तार

मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में नशामुक्ति अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई हुई है. पुलिस ने एक महिला के घर से 52 ग्राम मादक पदार्थ और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है.

Madhepura Drug Bust: उदाकिशुनगंज (मधेपुरा). नशामुक्त कोसी अभियान के तहत उदाकिशुनगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके घर से 52 ग्राम मादक पदार्थ और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस अधीक्षक मधेपुरा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 14 जुलाई को सूचना मिली कि उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के नैमुआ वार्ड संख्या-7 स्थित एक घर में मादक पदार्थ की बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की.

भागने का प्रयास कर रही महिला गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान एक महिला घर से बाहर निकलकर भागने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से उसे पकड़ लिया गया. इसके बाद घर की विधिवत तलाशी ली गई.

52 ग्राम मादक पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद

तलाशी के दौरान एक काले प्लास्टिक बैग में रखी 13 छोटी प्लास्टिक पुड़ियों से कुल 52 ग्राम स्मैकनुमा मादक पदार्थ बरामद किया गया. साथ ही मादक पदार्थ तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया.

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

Madhepura Drug Bust: गिरफ्तार महिला की पहचान नैमुआ वार्ड संख्या-7 निवासी निर्मला देवी, पति स्वर्गीय अवधेश महतो के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है. इस मामले में उदाकिशुनगंज थाना कांड संख्या 214/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपी महिला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है.

छापेमारी दल में शामिल रहे अधिकारी

कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश चौधरी तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

ALSO READ: घर लौट रही विवाहिता से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >