उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) से कौनैन बशीर की रिपोर्ट MADHEPURA NEWS :
उदाकिशुनगंज नगर परिषद के मुख्य बाजार की एक महत्वपूर्ण बायपास सड़क इन दिनों जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. दुर्गा मंदिर से बंधन बैंक जाने वाली इस सड़क पर हल्की बारिश होते ही पानी जमा हो जाता है, जिससे न सिर्फ आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है. यह सड़क बाजार को जोड़ने वाली प्रमुख मार्गों में से एक है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है. बावजूद इसके यहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है. सड़क पर गड्ढों में भरा पानी दुर्घटना को भी आमंत्रित करता है. स्थानीय लोगों के अनुसार वर्षों से इस सड़क पर नाला निर्माण की मांग की जा रही है. लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. नतीजतन हर बारिश में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं राहगीरों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता है. स्थानीय निवासी अमित कुमार ने बताया बारिश शुरू होते ही सड़क पर पानी भर जाता है. कई बार गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं. लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है. दुकानदार संतोष साह ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा दुकान के सामने पानी भरा रहता है, जिससे ग्राहक आने से कतराते हैं. इससे रोजाना नुकसान हो रहा है. वहीं छात्र आदित्य कुमार ने कहा स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत होती है. जूते-चप्पल गंदे हो जाते हैं और कई बार फिसलने का डर रहता है. महिलाओं ने भी इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि जलजमाव के कारण घर से निकलना मुश्किल हो जाता है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति और भी परेशानी भरी है.प्रशासन की उदासीनता पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया है. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाला निर्माण कराया जाए और सड़क की मरम्मत की जाए, ताकि जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके. लोगों ने कहा कि अगर समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है.
