कागजों पर विकास, जमीन पर विनाश, अधूरे नाला निर्माण से वार्ड 12 की सड़क बनी मौत का जाल

कागजों पर विकास, जमीन पर विनाश, अधूरे नाला निर्माण से वार्ड 12 की सड़क बनी मौत का जाल

नगर पंचायत मुरलीगंज के वार्ड संख्या 12 में सड़क सह नाला निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिये जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. करोड़ों रुपये की योजना का लाभ मिलने के बजाय स्थानीय लोग कीचड़, जलजमाव और दुर्घटनाओं के खतरे से जूझ रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि सड़क अब आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि हादसों का कारण बनती जा रही है.

मुरलीगंज.

नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 में करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे सड़क सह नाला निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले वर्ष दशहरा-दीवाली के दौरान शुरू किया गया निर्माण कार्य करीब चार माह पूर्व अधूरा छोड़ दिया गया. इससे पूरी सड़क की स्थिति बदतर हो गयी है. सड़क के बीचों-बीच खोदा गया नाला अब जल निकासी के बजाय दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार पीसीसी सड़क को तोड़कर नाला निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन मात्र करीब ढाई सौ फीट कार्य करने के बाद एजेंसी ने काम रोक दिया. परिणामस्वरूप सड़क पर कीचड़, जलजमाव एवं धंसी हुई मिट्टी के कारण लोगों का आवागमन कठिन हो गया है. वार्ड निवासी शिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि अब अपनी कार घर तक लाना संभव नहीं है. उन्हें वाहन दूसरे स्थान पर खड़ा कर पैदल घर पहुंचना पड़ता है. यही समस्या मोहल्ले के अन्य वाहन स्वामियों के साथ भी है.

योजना बोर्ड नहीं, गुणवत्ता पर भी सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण स्थल पर योजना संबंधी कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है. न तो योजना की लागत, न कार्य अवधि और न ही कार्य एजेंसी की जानकारी सार्वजनिक की गयी है. लोगों का आरोप है कि निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया. नाला निर्माण के बाद नई मिट्टी भरने और दोनों ओर ढलाई करने के बजाय पुरानी व ढीली मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गयी.

बारिश ने खोली निर्माण की पोल

पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद नाले के दोनों किनारों की मिट्टी धंसने लगी है. कई स्थानों पर सड़क खतरनाक रूप ले चुकी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला बनने से पहले सड़क की स्थिति कहीं बेहतर थी. अब चारपहिया वाहन लेकर गुजरना जोखिम भरा हो गया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनहित के नाम पर किये जा रहे इस कार्य में भारी अनियमितता बरती गयी है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो मानसून के दौरान वार्ड का संपर्क मुख्य बाजार से प्रभावित हो सकता है.

ऑटो पलटने से लोग हो चुके हैं घायल

स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में यात्रियों से भरा एक ऑटो गड्ढेनुमा हिस्से से गुजरने के दौरान पलट गया था. इस हादसे में कई लोग घायल हो गये थे. लोगों का कहना है कि यदि सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.

नगर पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य बुडको के माध्यम से कराया जा रहा है. योजना के तहत विष्णुदेव यादव के घर से रेलवे ढाला तक सड़क सह नाला निर्माण होना है. वार्डवासियों ने जिला प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, गुणवत्ता की जांच करवाने तथा दोषी एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है.

वर्जन

अधूरे निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूरा कराने के लिए बुडको को कई बार पत्राचार किया गया है. निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.

अजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, मुरलीगंज B

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >