शंकरपुर. शंकरपुर प्रखंड की परसा पंचायत में जनवितरण प्रणाली विक्रेता सियाराम यादव पर लाभुकों ने मनमाने तरीके से राशन वितरण करने का आरोप लगा है. ग्रामीणों और कार्डधारकों ने निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर पहले लाभुकों का अंगूठा पीओएस मशीन पर लगवा लेते हैं और बाद में अनाज वितरण के दौरान पांच से 10 किलो तक कम राशन देता है. विरोध प्रदर्शन में शामिल वार्ड सदस्य नीरज कुमार, मिथिलेश कुमार, जयकुमार राम, राजेश सरदार, परमेश्वरी ऋषिदेव, चुनचुन देवी, गीता देवी, सोनिया देवी, सरिता देवी समेत अन्य लाभुकों ने अपने राशन कार्ड दिखाते हुए डीलर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया. महिलाओं ने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से करीब 10 किलो कम अनाज दिया जाता है, जबकि पीएचएच कार्डधारकों के राशन में भी मनमाने ढंग से कटौती की जाती है. उनका कहना था कि कम तौल का विरोध करने पर डीलर और उसके सहयोगियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है. दोबारा तौल में सामने आयी गड़बड़ी हंगामे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. ग्रामीणों के दबाव पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से राशन के बोरों की दोबारा जांच करायी गयी. जांच में कई बोरों का वजन निर्धारित मानक से कम पाया गया. इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया. लोगों ने डीलर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राशन वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की. ——– प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी रुपेश कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. इसकी जांच कर कार्रवाई की जायेगी.
डीलर की मनमानी पर भड़के ग्रामीण, कम राशन देने का आरोप
डीलर की मनमानी पर भड़के ग्रामीण, कम राशन देने का आरोप
