पूजा के बहाने तीन नाबालिगों का अपहरण, चंडी स्थान पर तांत्रिक गिरफ्तार

बच्चों से चंडी स्थान में पूजा कराने की बात कही.

मोबाइल कॉल से खुला राज, ग्रामीणों की सतर्कता से टली अनहोनी, बैग से छुरा बरामद- मुरलीगंज मुरलीगंज के गौशाला से रविवार की देर शाम तीन नाबालिग बच्चों को एक कथित तांत्रिक द्वारा उठाकर कुमारखंड प्रखंड के लक्ष्मीपुर चंडी स्थान ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के बहाने बच्चों को ले जाने की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे एक अज्ञात व्यक्ति गौशाला गेट पर पहुंचा, जहां तीनों बच्चे रोहित कुमार (16), मिथुन कुमार (13) और रघु कुमार (8) खेल रहे थे. उसने बच्चों से चंडी स्थान में पूजा कराने की बात कही. बच्चों द्वारा मना करने पर आरोपी ने जबरन तीनों को टोटो में बैठाकर अपने साथ ले गया. देर शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो, परिजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान रोहित कुमार ने किसी तरह मोबाइल से अपनी बहन को फोन कर बताया कि वे लक्ष्मीपुर चंडी स्थान पर हैं और वहां पूजा-पाठ कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही परिजन एक टोटो चालक के साथ मौके पर पहुंचे, जहां स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तांत्रिक को बच्चों के साथ पकड़ लिया गया. -पुलिस ने पहुंच बच्चों को कराया मुक्त- ग्रामीणों द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम कन्हैया कुमार, पिता स्व बेदी लाल ठाकुर, निवासी तेगरहा पुरानी बाजार, थाना तेगरहा, जिला बेगूसराय बताया. उसके बैग की तलाशी लेने पर एक छुरा और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ. जिससे किसी बड़ी तांत्रिक क्रिया अथवा बलि की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना पर कुमारखंड पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों को सुरक्षित मुक्त कर परिजनों को सौंप दिया. बाद में आरोपी को मुरलीगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया. पीड़ित महिलाओं शनिचरी देवी और गौरी देवी ने मुरलीगंज थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है. प्राथमिकी दर्जकर न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >