मुरलीगंज. जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर मुरलीगंज में तैयाी तेज हो गयी है. सोमवार को शहर स्थित बीएल इंटर स्कूल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ गोपाल कृष्णन एवं प्रभारी बीईओ बबीता कुमारी ने किया. बीडीओ ने कहा कि जनगणना देश की प्रगति का आधार है. इसके माध्यम से सरकार को सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं, जिससे लोक कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में मदद मिलती है. उन्होंने सभी प्रशिक्षकों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से अपील की कि वे इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न करें. पहले दिन के प्रशिक्षण सत्र में कुल 47 प्रशिक्षु शामिल हुये. प्रशिक्षण अमरेश कुमार अमर एवं अशोक कुमार ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जायेगी, जो इसे अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनायेगा. उन्होंने जानकारी दी कि आगामी दो से 31 मई तक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य किया जायेगा. प्रशिक्षकों ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से 24 अप्रैल तक आयोजित किया जायेगा, इसमें प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग लेंगे. कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर ब्लॉक नाजिर सुमित कुमार, पप्पू कुमार, आशीष कुमार आदि उपस्थित थे.
जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
Copied link
जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू