मधेपुरा. जिला जन सुराज कार्यालय में रविवार को जिला संगठन पुनर्गठन एवं समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमलेश राय ने की, जबकि बतौर प्रवेक्षक पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना एवं राम प्रवेश यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही. बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर विस्तार, सक्रिय कार्यकर्ताओं की भूमिका, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा संगठनात्मक ढांचे के पुनर्गठन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी. जिलाध्यक्ष अमलेश राय ने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना है, ताकि आम जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया. प्रवेक्षक पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने संगठनात्मक एकता पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ा सकता है. वहीं राम प्रवेश यादव ने कार्यकर्ताओं से जन सुराज की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की. बैठक में जिले भर से आए जन सुराज के दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
