नियमित उपस्थिति ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी - अधीक्षक

नियमित उपस्थिति ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी - अधीक्षक

प्रतिनिधि,

मधेपुरा

अल्पसंख्यक बालक छात्रावास द्वारा छात्रावास में नामांकित छात्रों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन व शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सभी अभिभावकों के नाम छात्रावास अधीक्षक प्रो. डॉ फिरोज अहमद ने एक विशेष मार्मिक अपील जारी की है. छात्रावास प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा अल्पसंख्यक समाज की शैक्षणिक उन्नति से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताया है. जारी अपील में कहा गया है कि बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग व जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में छात्रावास को एक आदर्श शिक्षण व व्यक्तित्व निर्माण केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है. छात्रों की शिक्षा, सुरक्षा, अनुशासन व आधारभूत सुविधाओं में लगातार सुधार हेतु प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है. माह अप्रैल 2026 की जिला स्तरीय उपस्थिति समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि छात्रावास की कुल 87 आवासन क्षमता के विरुद्ध 82 छात्र नामांकित है, इनमें मात्र 42 छात्र ही 20 दिनों से अधिक उपस्थित पाये गये. वही 25 छात्र 10 से 19 दिनों तक उपस्थित रहे तथा 15 छात्र 10 दिनों से भी कम उपस्थित पाये गये. लगातार अनुपस्थित रहने वाले 18 छात्रों को निष्कासन पूर्व नोटिस भी जारी किया गया है. छात्रावास प्रशासन ने इस स्थिति को गंभीर चिंता का विषय बताते हुये कहा है कि अनियमित उपस्थिति छात्रों की पढ़ाई, अनुशासन व प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण को प्रतिकूल रूप से प्रभावित कर रही है. नियमित उपस्थिति के अभाव में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं भविष्य निर्माण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ रही है. अभिभावकों से अपील करते हुये छात्रावास प्रशासन ने आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से छात्रावास में उपस्थित रहने हेतु प्रेरित करें, उनकी गतिविधियों की निगरानी करें तथा अध्ययन व अनुशासन के प्रति गंभीरता विकसित करने में सहयोग प्रदान करें. साथ ही बिना सूचना अनुपस्थित रहने की प्रवृत्ति को हतोत्साहित करने एवं छात्रावास प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाए रखने का अनुरोध किया गया है. छात्रावास अधीक्षक प्रो डॉ फिरोज अहमद ने कहा कि “हम केवल छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं कर रहे, बल्कि बिहार एवं अल्पसंख्यक समाज के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे है. अभिभावकों का सहयोग, विश्वास एवं सहभागिता इस प्रयास की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है. छात्रावास प्रशासन ने सभी अभिभावकों, समाजसेवियों एवं शिक्षाविदों से शिक्षा, अनुशासन एवं नियमित उपस्थिति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग देने की अपील की है, ताकि एक शिक्षित, सशक्त एवं प्रगतिशील समाज का निर्माण किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >