लोहे की पाइप चोरी का विरोध करना व्यवसायी को पड़ा भारी, बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

लोहे की पाइप चोरी का विरोध करना व्यवसायी को पड़ा भारी

ग्वालपाड़ा, मधेपुरा. अरार थाना क्षेत्र के रेशना बहियार में लोहे की पाइप चोरी का विरोध करना एक व्यवसायी को भारी पड़ गया. दबंगों ने व्यवसायी को बंधक बनाकर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया. गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार रेशना निवासी स्वर्गीय माणिक चंद साह के 46 वर्षीय पुत्र संजय कुमार साह का कुछ दिन पूर्व एफएलडी प्लांट से लोहे का पाइप चोरी हो गया था. व्यवसायी को अपने सूत्रों से जानकारी मिली कि इलाके के कुछ मजदूरों की मदद से पाइप गायब किया गया है. इसके बाद उन्होंने चोरी गया पाइप बरामद कर वापस अपने पास रख लिया. इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया. बताया गया कि 21 मई की शाम करीब पांच बजे संजय कुमार साह अकेले थे. इस दौरान हथियारों से लैस बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बंधक बना लिया. पीड़ित द्वारा थाना में दिये गये आवेदन के अनुसार नामजद आरोपी सुमित यादव, कामी यादव, रामजतन यादव, असेसर यादव समेत दो अज्ञात अपराधियों ने हत्या की नीयत से उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से कमर के नीचे ताबड़तोड़ वार किये. गंभीर चोट लगने के बाद जब पीड़ित जमीन पर गिर पड़े, तब भी आरोपियों ने उन्हें नहीं छोड़ा एवं दोबारा हमला कर लहूलुहान कर दिया. मारपीट के दौरान बदमाशों ने उनकी जेब से 4,200 नकद और सोने की चेन भी लूट ली. जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई. घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित की पत्नी, भाई और भतीजा मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बदमाशों के चंगुल से छुड़ाकर ग्वालपाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये. वहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुये तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. इधर मामले को लेकर अरार थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >