उदाकिशुनगंज (मधेपुरा). प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. इस दौरान विभिन्न स्कूलों में अभिभावकों, विशेषकर महिला अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शिक्षा के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया. संगोष्ठी के दौरान बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यालय के समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर संगोष्ठी की गतिविधियों का जायजा लिया. उदाकिशुनगंज प्रखंड शिक्षा विभाग के सभी कार्यक्रमों में लगातार शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करता आ रहा है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग टेक्निकल टीम के सदस्यों के साथ साथ सभी प्रधानाध्यापकों, संकुल समन्वयकों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग को दिया.
शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी से अभिभावकों में उत्साह
पीबीएल टेक्निकल टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी को लेकर अभिभावकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. धान रोपनी के बावजूद महिला अभिभावकों की शत प्रतिशत भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है. नव सृजित प्राथमिक विद्यालय गोठ मुसहरी सिंगारपुर के प्रधानाध्यापक समरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है. जब अभिभावक नियमित रूप से विद्यालय से जुड़ते हैं, तो बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और सर्वांगीण विकास में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलता है. हमारे विद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता तथा सीखने की गुणवत्ता पर सार्थक चर्चा की.
बच्चों को और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करना उद्देश्य
अभिभावकों के सुझावों को विद्यालय की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा. बच्चों को और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके. शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी जैसी पहल निश्चित रूप से सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा देने का कार्य कर रही है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी, प्रदीप मंडल, बंदना कुमारी, शैलेश कुमार चौरसिया, सुनील कुमार चौरसिया, मंजर आलम,अमर ठाकुर,समरेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य प्रधानाध्यापक, संकुल समन्वयक एवं जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहयोग किया.
