मतदाता सूची विवाद के कारण नयानगर पैक्स चुनाव टला
मतदाता सूची विवाद के कारण नयानगर पैक्स चुनाव टला
उदाकिशुनगंज.
प्रखंड के नयानगर पैक्स का चुनाव स्थगित कर दिया गया. बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकर द्वारा मतदाता सूची में विवाद को कारण बताते हुए चुनाव प्रक्रिया को अगले आदेश तक रोक दिया गया है, जिससे चुनावी मैदान में उतरे अभ्यर्थियों की तैयारी पर विराम लग गया है. यह निर्णय मतदाता सूची में उत्पन्न विवाद को देखते हुए लिया गया है. प्राधिकर की ओर से जारी अधिसूचना संख्या-681 दिनांक 18 मार्च 2026 के आलोक में निर्धारित चुनाव कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है. अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मतदाता सूची विवाद के कारण निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना संभव नहीं है, इसलिए स्थिति स्पष्ट होने तक चुनाव प्रक्रिया स्थगित रहेगी. निर्देश दिया गया है कि इस स्थगन की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी (सहकारिता), उदाकिशुनगंज द्वारा सभी अभ्यर्थियों को पत्र के माध्यम से दी जायेगी. साथ ही इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाएगा ताकि संबंधित सभी पक्षों को जानकारी मिल सके. इस संबंध में अधिसूचना की प्रतिलिपि राज्य एवं जिला स्तर के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों, प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.