मधेपुरा. ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय मधेपुरा के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग के तत्वावधान में छह मई यानी मंगलवार को 11:00 बजे से वसुधैव कुटुंबकम विषय पर ऑनलाइन संवाद का आयोजन किया जायेगा. दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डा सुधांशु शेखर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर राजस्थान के दर्शनशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष तथा आईसीपीआर नई दिल्ली के सदस्य प्रो अरविंद विक्रम सिंह होंगे. वह राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर राजस्थान में सिंडिकेट सदस्य व संकायाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं. इनकी छह पुस्तकें व तीन दर्जन से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित है. इन्होंने दर्जनों सेमिनार व सम्मेलनों का सफलतापूर्वक आयोजन किया है. इनके मार्गदर्शन में एक दर्जन शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्राप्त हुई है. उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय दर्शन परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रो जटाशंकर होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसीपीआर के पूर्व अध्यक्ष प्रो रमेशचंद्र सिन्हा करेंगे. महाविद्यालय प्राचार्य प्रो डा कैलाश प्रसाद यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित है. यह कार्यक्रम पूरी तरह नि:शुल्क है. इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को फीडबैक फॉर्म भरने के बाद प्रमाण-पत्र जारी किया जायेगा. उन्होंने सभी शिक्षकों, शोधार्थियों व छात्र-छात्राओं से अनुरोध किया है कि वह कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें व वक्ताओं से संवाद भी करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
