मारपीट में एक वर्षीय बच्ची की मौत, पिता ने भाई पर लगाया हत्या का आरोप

प्रखंड क्षेत्र के हथिऔंधा वार्ड नौ में एक वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृत बच्ची के पिता ने अपने ही भाई, भाभी व भतीजों पर मारपीट कर बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया है.

बिहारीगंज. प्रखंड क्षेत्र के हथिऔंधा वार्ड नौ में एक वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृत बच्ची के पिता ने अपने ही भाई, भाभी व भतीजों पर मारपीट कर बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया है. मृत बच्ची की पहचान मो वसील की एक वर्षीय पुत्री जरीना के रूप में हुई है. पीड़ित मो वसील ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसका भाई मो आलम, भतीजा मो चांद, मो सोबराती, मो सलमान, भाभी बीबी सकीला व जलीसा उसके घर पहुंचे व लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे. इस दौरान उसकी एक वर्षीय पुत्री जरीना वहां पहुंच गयी, इसके साथ भी कथित रूप से मारपीट की गयी. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं आरोपित मो आलम ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष से दोनों भाइयों के बीच बातचीत बंद है. करीब नौ माह पूर्व भी मो वसील द्वारा मारपीट का झूठा केस दर्ज कराया गया था. तब से दोनों परिवारों के बीच कोई संपर्क नहीं है. उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह किसी प्रकार का झगड़ा नहीं हुआ और बच्ची की मौत कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. इधर, आसपास के पड़ोसियों ने भी घटना के संबंध में किसी प्रकार के विवाद या मारपीट की जानकारी होने से इनकार किया है. मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. हालांकि, बच्ची की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >