. प्रखंड क्षेत्र के नियोजित शिक्षकों को अप्रैल और मई माह का वेतन अब तक नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी बढ़ गयी है. खासकर आगामी बकरीद पर्व को लेकर मुस्लिम शिक्षकों में चिंता का माहौल बना हुआ है. शिक्षकों का कहना है कि लगातार दो माह से वेतन लंबित रहने के कारण परिवार चलाने में कठिनाई हो रही है और पर्व की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है. अंचल प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष कुमार किशोर केसरी के नेतृत्व में शिक्षकों ने विभाग से बकरीद पर्व से पहले लंबित वेतन भुगतान कराने की मांग की है. शिक्षकों ने कहा कि महंगाई के इस दौर में बिना वेतन के घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. बच्चों की पढ़ाई, दवा, राशन और अन्य जरूरी खर्चों पर असर पड़ रहा है. संघ के अध्यक्ष कुमार किशोर केसरी ने कहा कि सरकार और विभाग को शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के समय वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों और उनके परिवारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. शिक्षक नेता गुंजन कुमार सिंह ने कहा बकरीद जैसे महत्वपूर्ण पर्व के पहले भी वेतन भुगतान नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. शिक्षकों में आक्रोश बढ़ रहा है. विभाग को अविलंब भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए. शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि लगातार वेतन लंबित रहने से शिक्षकों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है. वहीं अब्दुल अहद ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के शिक्षकों के लिए बकरीद का पर्व महत्वपूर्ण होता है, लेकिन वेतन के अभाव में इस बार पर्व फीका पड़ सकता है. संजय कुमार पुतुल, उपेंद्र चौधरी सहित अन्य शिक्षकों ने भी विभागीय अधिकारियों से शीघ्र वेतन भुगतान कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शिक्षकों में असंतोष और बढ़ेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.