302 करोड़ की 295 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास, नीतीश ने 2005 से पहले के बिहार की दिलाई याद

योजनाओं में सड़क निर्माण, भवन निर्माण, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल है.

मधेपुरा समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को मधेपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जिले की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान पार्षद ललन सर्राफ एवं सिंहेश्वर विधायक रमेश ऋषि सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान जिले में विकास की कई योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान करीब 86 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 216 करोड़ रुपये की लागत से 158 योजनाओं का उद्घाटन किया गया. इस तरह कुल मिलाकर लगभग 302 करोड़ रुपये की 295 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया. इन योजनाओं में सड़क निर्माण, भवन निर्माण, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल है. -जिम्मेवारी मिली तो पहले बुनियादी ढ़ांचे को किया मजबूत- मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने अपने संबोधन में वर्ष 2005 से पहले के बिहार की स्थिति को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय राज्य में विकास की स्थिति काफी कमजोर थी. उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में शिक्षा, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का काफी अभाव था. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वर्ष 2005 में उन्हें राज्य की जिम्मेदारी मिली तो सरकार ने सबसे पहले बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम शुरू किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर स्कूलों का निर्माण कराया गया, शिक्षकों की नियुक्ति की गई और बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने के लिए कई योजनाएं शुरू की गईं. उन्होंने बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बिहार के अधिकांश गांवों में बिजली नहीं पहुंच पाती थी, लेकिन अब राज्य के लगभग सभी गांवों तक बिजली पहुंच चुकी है. इसी तरह सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर काम हुआ है, जिससे गांव और शहर के बीच संपर्क बेहतर हुआ है. -जीविका से महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर- मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सरकारी अस्पतालों की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन अब स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है और लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने जीविका समूहों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने जीविका योजना को बढ़ावा दिया है, जिसके माध्यम से लाखों महिलाएं आज स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का विकास करना है और इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं को समय पर पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को उसका लाभ मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >