गैस एजेंसी की लापरवाही उजागर, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर

खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता इस समस्या से अधिक प्रभावित हैं.

– सिस्टम में डिलीवर दिखाकर उपभोक्ताओं को किया जा रहा गुमराह, दो सप्ताह से लोग परेशान उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र गैस एजेंसी की लापरवाही से सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हैं. स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की बुकिंग करने के बाद एजेंसी के सिस्टम में उसे डिलीवर दिखा दिया जा रहा है. जबकि वास्तविकता में उपभोक्ताओं को कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग के 10 से 15 दिन बीत जाने के बावजूद गैस की आपूर्ति नहीं की जाती है. इसके बावजूद ऑनलाइन स्टेटस में सिलेंडर डिलीवर दिखने से लोग न तो शिकायत दर्ज करा पा रहे हैं और न ही उन्हें समय पर रसोई गैस उपलब्ध हो पा रही है. इससे आमलोगों के सामने खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गयी है. उपभोक्ताओं ने बताया कि जब वे एजेंसी कार्यालय में संपर्क करते हैं तो उन्हें टालमटोल जवाब दिया जाता है. कई बार एजेंसी कर्मियों द्वारा स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जाती, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता इस समस्या से अधिक प्रभावित हैं. इस मामले को लेकर राज आर्यन ने जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि एजेंसी संचालकों का यह रवैया पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है, जिससे उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन हो रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके. वही दूसरी तरफ इंडेन गैस के कुछ उपभोक्ताओं को इन दिनों ओटीपी नहीं मिलने की समस्या से जूझना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए फोन करने पर मैसेज मिलता है कि 4 घंटे के भीतर ओटीपी भेज दिया जायेगा, लेकिन 72 घंटे बीत जाने के बाद भी ओटीपी नहीं पहुंचता. इस समस्या के कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई बार प्रयास करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और एजेंसी से जल्द समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि समय पर गैस बुकिंग और आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >