Murliganj Train Accident: मुरलीगंज में मुरलीगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिम रेलवे ढाला संख्या-69 के पास शुक्रवार को ट्रेन से कटकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. रेलवे लाइन के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में शव मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
रेलवे लाइन के पास मिला क्षत-विक्षत शव
मुरलीगंज रेलवे स्टेशन से पश्चिम रेलवे ढाला संख्या-69 से करीब 50 मीटर पश्चिम रेलवे लाइन के पास शव मिला. शव रेलवे लाइन के उत्तर दिशा में पिलर संख्या 57/5 एवं विद्युत एक्सटेंशन लाइन के पोल संख्या 57/10 के समीप पड़ा था.
शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, व्यक्ति रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
कोसी एक्सप्रेस की चपेट में आने की आशंका
आरपीएफ मधेपुरा प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि व्यक्ति की मौत शुक्रवार की सुबह करीब ढाई बजे पटना की ओर जाने वाली कोसी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हुई है.
उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गयी, लेकिन अब तक किसी ने मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
जीआरपी, आरपीएफ और थाना पुलिस पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी बनमनखी के राजीव कुमार सिंह, मुरलीगंज थाना के एसआई अभिषेक कुमार और आरपीएफ मधेपुरा प्रभारी नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. आवश्यक जांच के बाद शव को रेलवे लाइन से हटवाया गया. पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
Murliganj Train Accident: पहचान नहीं होने से पुलिस के सामने चुनौती
मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस अब उसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ अन्य संभावित माध्यमों से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा.
