ROB Construction: मधेपुरा जिले में मीरगंज रेलवे ढाला के समीप रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही बुधवार से सहरसा-पूर्णिया मुख्य मार्ग (एनएच-231) पर यातायात बंद कर दिया गया. निर्माण एजेंसी द्वारा बैरिकेडिंग लगाए जाने के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुक गई, जिससे पूरे दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित रही.
बैरिकेड लगाकर रोका गया आवागमन
निर्माण कार्य के तहत रेलवे ढाला के पूर्व स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप तथा पश्चिम दिशा में रतनपट्टी मोड़ के पास कंक्रीट बैरिकेड लगाकर मुख्य सड़क को बंद कर दिया गया. रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सुबह अचानक सड़क बंद मिली.
वैकल्पिक मार्ग की जानकारी नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर वैकल्पिक मार्ग से संबंधित कोई सूचना बोर्ड या दिशा-निर्देश नहीं लगाया गया था. इसके कारण वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. कई लोग रास्ता बदलने को लेकर असमंजस में इधर-उधर भटकते रहे.
छोटे वाहन रतनपट्टी होकर गुजर रहे
ROB Construction: फिलहाल ऑटो, सीएनजी और अन्य छोटे वाहन रतनपट्टी होकर मुरलीगंज–मधेपुरा के बीच आवाजाही कर रहे हैं. वहीं बाइक सवार किसी तरह रेलवे ढाला पार कर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं. दूसरी ओर बसों और अन्य बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी नहीं होने से चालकों में भ्रम की स्थिति बनी रही.
ऑटो चालकों और यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
सीएनजी ऑटो चालकों ने बताया कि रतनपट्टी होकर जाने से दूरी और समय दोनों बढ़ गए हैं, जिससे यात्रियों और चालकों दोनों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है. मीरगंज बाजार में भी कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही.
स्थानीय लोगों ने बेहतर यातायात व्यवस्था की मांग की
स्थानीय लोगों ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था और स्पष्ट वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है. लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से उचित दिशा-निर्देश एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की.
